भूपेश बघेल के बेटे की गिरफ्तारी की गूंज विधानसभा में… विपक्ष ने किया दिन भर की कार्यवाही का बहिष्कार…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। ईडी व्दारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को गिरफ्तार कर लिए जाने की गूंज आज विधानसभा में भी सुनाई दी। कांग्रेस विधायकों ने सदन की दिन भर की कार्यवाही का बहिष्कार किया।

कांग्रेस विधायक दल ने आज हसदेव जंगल में पेड़ों की कटाई पर स्थगन प्रस्ताव लाया था। स्पीकर ने यह मामला हाईकोर्ट में लंबित होने का हवाला देते हुए सदन में चर्चा कराने की अनुमति नहीं दी। इसके विरोध में विपक्षी विधायकगण सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। हंगामा होते देख स्पीकर ने सदन की कार्यवाही 5 मिनट के लिए स्थगित कर दी।

सदन की कार्यवाही दोबारा शुरु होने पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि भूपेश बघेल के यहां आज ईडी का छापा पड़ा है। आज उनके बच्चे का जन्म दिन है। ईडी बच्चे को उठा ले गई। यह सब सरकार के दबाव में हो रहा है। इसके विरोध में विपक्ष आज की दिन भर की कार्यवाही का बहिष्कार करता है। इसके बाद सारे कांग्रेस विधायक सदन से बाहर चले गए।

कार्यवाही का बहिष्कार करने के बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ. महंत ने अपने कक्ष में कांग्रेस विधायकों की आपात बैठक ली। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित अन्य कांग्रेस विधायकगण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *