मिसाल न्यूज़
रायपुर। नगर निगम अधिकारी कर्मचारी एकता संघ के तत्वावधान में आज निगम मुख्यालय के सामान्य सभा सभागार में जनवरी से जून 2025 के मध्य सेवानिवृत्त हुए 55 निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सामूहिक सम्मान कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती मीनल चौबे थीं। अध्यक्षता सभापति सूर्यकांत राठौर ने की। विशेष अतिथि नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप, नगर निगम सामान्य प्रशासन एवं विधि विधायी कार्य विभाग की अध्यक्ष डॉ. अनामिका सिंह तथा जोन 5 अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल थे।
मंच पर अपर कमिश्नर व्दय श्रीमती कृष्णा खटीक व विनोद पाण्डेय, जोन 8 कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल, नगर निगम कर्मचारी महासंघ के पूर्व अध्यक्ष अरूण दुबे एवं नगर निगम अधिकारी कर्मचारी एकता संघ के अध्यक्ष प्रमोद जाधव की उपस्थिति रही। दीप प्रज्जवलन कर महापौर श्रीमती मीनल चौबे, सभापति श्री सूर्यकांत राठौड़ तथा अन्य अतिथियों ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सेवानिवृत्त निगम अधिकारियों-कर्मचारियों को अधिकारी कर्मचारी एकता संघ द्वारा श्रीफल शॉल, स्मृति चिन्ह प्रदत्त कर तथा पुष्पहार पहनाकर उनकी निगम को दी गई सेवाओं के लिए सम्मान किया गया।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने नगर निगम अधिकारी कर्मचारी एकता संघ अध्यक्ष प्रमोद जाधव एवं सभी पदाधिकारियों को इस आयोजन के लिए बधाई दी एवं उनकी अधिकारियों-कर्मचारियों की मांगों हेतु लगातार प्रयास करते रहने वाली भूमिका को सराहा। महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों की जो भी जायज मांगें हैं उन्हें पूर्ण करवाने हर संभव प्रयास करेंगी। महापौर ने कहा कि आगे व्यवस्था की जायेगी कि सेवानिवृत्ति वाले दिन अधिकारियों-कर्मचारियों को ससम्मान उनके निवास तक नगर निगम प्रशासन छोड़ने की व्यवस्था करे। साथ ही उनके स्वत्वों का भुगतान समय पर किया जाये। महापौर ने कहा कि रायपुर बड़ी तेजी के साथ विकसित हो रहा है। रायपुर में जो विकास की गंगा बही है उसमें नगर निगम रायपुर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अहम् भूमिका है। महापौर ने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी कर्मचारी अपने अनुभव के आधार पर नगर निगम में अच्छे कार्य करने सुझाव देने आगे आएं। उनका नगर निगम में सदैव उनका स्वागत है।
सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि रायपुर नगर निगम में यह पुरानी परंपरा रही है कि सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों के स्वत्वों का भुगतान उनके सेवानिवृत्ति दिवस पर किया जाता रहा है और उनका सम्मान नगर निगम प्रशासन की ओर से किया जाता है। निगम कमिश्नर आई.ए.एस. अधिकारी विश्वदीप एक संवेदनशील प्रशासनिक अधिकारी हैं। उनसे अनुरोध है कि निगम मुख्यालय में कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति दिवस पर सम्मान कार्यक्रम निगम सामान्य प्रशासन विभाग रखे एवं जोनों में कार्यरत अधिकारियों कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति पर सम्मान कार्यक्रम जोन कार्यालय द्वारा किया जाये। सभापति ने भी कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों का सम्मान करने सहित सेवानिवृत्ति दिवस पर सादर उनके घर तक छोड़ने की व्यवस्था निगम प्रशासन करे।
निगम कमिश्नर विश्वदीप ने कहा कि सेवानिवृत्ति पर रायपुर नगर निगम के अधिकारियों कर्मचारियों का सम्मान करना एवं उनके स्वत्वों का भुगतान करना नगर निगम प्रशासन की जिम्मेदारी है। मैंने जब से नगर निगम का कार्यभार संभाला है तब से यह देखता आ रहा हूं कि यहां के अधिकारी एवं कर्मचारी वरिष्ठ से कनिष्ठ श्रेणी तक काफी मेहनत कर काफी अच्छा कार्य कर रहे हैं। इससे न सिर्फ शहर बल्कि प्रशासन एवं शासन के बीच नगर निगम की बेहतर छबि बनती है। निगम कमिश्नर ने सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों की सेवाओं को सराहते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की और कहा कि जब इच्छा करे वे नगर निगम में आकर अपने अनुभवों के आधार पर उचित सुझाव दे सकते हैं।
निगम सामान्य प्रशासन एवं विधि विधायी कार्य विभाग अध्यक्ष डॉ. अनामिका सिंह ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों कर्मचारियों की सेवाओं हेतु उनकी सराहना की एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि जन्म से लेकर मृत्यु और विवाह प्रमाण पत्र तक देने में नगर निगम की भूमिका रहती है। कार्यक्रम को नगर निगम अधिकारी कर्मचारी एकता संघ के अध्यक्ष प्रमोद जाधव, कर्मचारी महासंघ के पूर्व अध्यक्ष अरूण दुबे एवं संघ की उपाध्यक्ष श्रीमती स्वाति साहू ने भी संबोधित कियाया। कार्यक्रम का संचालन रायपुर स्मार्ट सिटी के पूर्व महाप्रबंधक आशीष मिश्रा ने किया।
ये सेवानिवृत्त कर्मचारी
हुए सम्मानित
ए.के. हालदार, राजेन्द्र वर्मा, अभय श्रीवास्तव, प्रीतम सिंह कोटटे, श्रीमती विमला, श्रीमती रानी, नित्या, श्रीमती शीला श्रीमती सुभांगनी, श्रीमती बीसो बाई यादव, श्रीमती कमला, श्रीमती काशी, वल्लभ शर्मा, राजेश करडभुजे, हुम सिंग गायकवाड़, परसराम सिन्हा, अजय, श्रीमती शकुन, गजानंद गोदरे, श्रीमती चंद्रकला, श्रीमती कृष्णा, श्रीमती पद्मा, बरातु निषाद, गोवर्धन साहू, श्रीमती लक्ष्मी, चन्द्रहास ठाकुर, बसंत राम कुर्रे, लीला, अंबिका सुनीता, सकीना, दिलीप, हरिशंकर, गौरी, छीता कुसुम बनमाली, आशा बाई, चंद्रायन सिंह ठाकुर, सुनील सिंह रघुवंशी, दुर्गेश यादव, आनंद शर्मा, बाहरू धीवर, अशोक गिरी गोस्वामी, श्रीमती शकुंतला, श्रीमती निर्मला, उमाशंकर त्रिपाठी, योगीराज वाल्दे, प्रमोद शर्मा, विमल शर्मा, अमर सिंह डहरिया, मोहम्मद अमीन, विजय सिंह ठाकुर, भरत वर्मा एवं जगदेश्वर मेहरा