पुराना धमतरी रोड पर अवैध कब्जों एवं निर्माणों की बाढ़… नगर निगम ने जमकर चलाया तोड़फोड़ अभियान…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। पुराना धमतरी रोड पर मानो अवैध कब्जों और अवैध निर्माणों की बाढ़ आ गई है। आए दिन यहां पर बसी अवैध कॉलोनियों की शिकायतें नगर निगम पहुंच रहीं हैं। यही कारण है नगर निगम ने आज बोरियाखुर्द एवं डुंडा में हो रही अवैध प्लाटिंग और अवैध निर्माणों के खिलाफ़ घंटों अभियान चलाया।

पुराने धमतरी रोड पर अवैध कब्जों एवं निर्माणों की जो बाढ़ आई हुई है उस पर महापौर श्रीमती मीनल चौबे, कलेक्टर डॉक्टर गौरव कुमार सिंह एवं नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप की ओर से निर्देश जारी हुआ था। नगर निगम के जोन-10 के उड़नदस्ता प्रभारी जितेन्द्र कौशिक, सेन्ट्रल उड़नदस्ता प्रभारी मोहम्मद तसव्वर अली एवं रायपुर जिला तथा पुलिस प्रशासन बल की उपस्थिति में कांदुल रोड जगदम्बा विहार के पास लगभग 10 एकड़ भूमि पर अवैध प्लाटिंग पर कार्यवाही की गई।  अवैध बाउण्ड्रीवाल तोड़ी गई। अवैध मार्ग निर्माण को रोका गया। इसी प्रकार डूण्डा दुर्गा विहार के पीछे लगभग 6 एकड़ भूमि पर की गई अवैध प्लाटिंग के खिलाफ अभियान चला। न्यू संतोषी नगर तथा बोरियाखूर्द में नगर निगम की बिना अनुमति के दलालों व्दारा खड़े कर लिए गए 16 अवैध निर्माणों को तोड़ गिराया गया। इन 16 अवैध निर्माणों को बेचने की तैयारी थी।

आज की बड़ी कार्यवाही में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नंद कुमार चौबे, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, निगम जोन 10 कमिश्नर विवेकानंद दुबे, कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, सहायक अभियंता दव्य सुशील अहीर व योगेश यदु तथा उप अभियंता रविप्रभात साहू की अहम् भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *