विधायक राजेश मूणत संग कावड़ लेकर चले हजारों शिव भक्त… विष्णु देव साय, डॉ. रमन एवं बृजमोहन हुए शामिल…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। श्रावण मास के पावन अवसर पर आज रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से आज भव्य कावड़ यात्रा निकली। पूर्व मंत्री एवं रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में हजारों की संख्या में शिव भक्तों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ .रमन सिंह, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित प्रदेश के अन्य मंत्रियों एवं विधायकों ने छत्तीसगढ़ की खुशहाली और समृद्धि की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ की कावड़ उठाई।

कावड़ यात्रा का शुभारंभ गुढ़ियारी स्थित हनुमान मंदिर से प्रातः 11 बजे विधिवत पूजन के साथ हुआ। प्रारंभ में महामंडलेश्वर श्री कान्हा जी महाराज द्वारा 7 पवित्र नदियों के जल से महामृत्युंजय पार्थिव शिवलिंग का पूजन अभिषेक किया गया। उसके पश्चात् कावड़ यात्रा शुरू हुई।  ,विधायक राजेश मूणत के संग हजारों कांवड़ियों का रेला महादेव घाट हटकेश्वर नाथ बाबा को कावड़ में 7 पवित्र नदियों का जल लेकर जलाभिषेक करने पहुंचा। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों शुक्रवारी बाजार, पहाड़ी चौक, तेलघानी नाका ओवर ब्रिज होते हुए अग्रसेन चौक, लाखे नगर चौक, रायपुरा होते हुए महादेव घाट स्थित बाबा हटकेश्वर नाथ मंदिर पहुंची। जहां भक्तों ने भगवान शिव को जल अर्पित कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

कोने – कोने से

पहुंचे कलाकार

कावड़ यात्रा में आकर्षक झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जनमानस को मंत्रमुग्ध कर दिया। देश के कोने कोने से आए कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी । दिल्ली से आई महाकाल अघोरी झांकी, केरल के कथककली और फ्लावर गर्ल्स, उज्जैन के डमरु दल, उत्तर प्रदेश की काली मां की जीवंत झांकी, उड़ीसा के संबलपुरी कलाकार, छत्तीसगढ़ के पंथी, राउत नाचा व आदिवासी नृत्य तथा स्केटिंग से रंगोली जैसी प्रस्तुतियों ने जनसमूह का मन मोह लिया।

जगह जगह पुष्प वर्षा और

आतिशबाजी से हुआ स्वागत

यात्रा मार्ग में लगभग 101 स्वागत मंचों से पुष्प वर्षा, भंडारा एवं आतिशबाजी द्वारा भक्तों का स्वागत किया गया। शहर के कोने-कोने से श्रद्धालु यात्रा में सम्मिलित हुए और “हर हर महादेव” के जयघोष से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।

विधायक राजेश मूणत ने आयोजन की सफलता पर रायपुर वासियों, सामाजिक संस्थाओं, सुरक्षा बलों, स्वच्छता कर्मियों और मीडिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन किसी एक दल का नहीं बल्कि सम्पूर्ण सनातन समाज की आस्था और शिव भक्ति का उत्सव है। सभी की सहभागिता ने इस यात्रा को ऐतिहासिक बना दिया।

विशाल कावड़ यात्रा में लक्ष्मीनारायण मठ मंदिर के महंत वेद प्रकाशाचार्य एवं राजीव लोचन जी महाराज सहित प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, महिला बाल विकास मंत्री  श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े, कृषि मंत्री मंत्री रामविचार नेताम, विधायकगण सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, खुशवंत साहेब, भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर एवं भाजपा  जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *