बृजमोहन ने नगर निगम में ली मैरॉथन बैठक… कहा- “बहाना नहीं चलेगा कि यह काम निगम का है और वह काम स्मार्ट सिटी का”

● 3 विधायक, महापौर, सभापति, एमआईसी मेंबर, निगम कमिश्नर, जोन अध्यक्ष समेत नेता प्रतिपक्ष रहे मौजूद…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। पूर्व मंत्री एवं सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने आज रायपुर नगर निगम के सामान्य सभा कक्ष में मैरॉथन बैठक ली। बैठक में हर बार की तरह सफाई, बिजली पानी का मुद्दा छाया रहा। अग्रवाल ने  कहा कि यह बहाना नहीं चलेगा कि यह काम निगम का है और वह काम स्मार्ट सिटी का।

करीब 4 घंटे चली बैठक में विधायकगण सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौर, निगम कमिश्नर विश्वदीप, निगम नेता प्रतिपक्ष संदीप साहू, समस्त एमआईसी सदस्य,  समस्त जोन अध्यक्ष, समस्त निगम अपर कमिश्नर, समस्त डिप्टी कमिश्नर, निगम मुख्य अभियंता, निगम नगर निवेशक, समस्त विभागों के प्रभारी अधिकारीगण उपस्थित थे।

बृजमोहन अग्रवाल  ने कहा कि मैं यह नहीं सुनूंगा कि यह काम नगर निगम का है और वह काम स्मार्ट सिटी का। किसी तरह की बहानेबाजी नहीं चलेगी। यह सुनने में आ रहा है कि जोन दफ्तर पॉवरलेस हो गए हैं। सारा कुछ निगम मुख्यालय पर निर्भर हो गया है। जोन दफ्तरों को पॉवरपुल बनाएं। हर काम के लिए नगर निगम शासन पर निर्भर रहे, यह ठीक नहीं। निगम स्वायत्तशासी संस्था है। निगम की सरकार में महापौर एवं एमआईसी सदस्य मिलकर किसी निर्णय पर पहुंचते हैं। नगर निगम खुद रास्ता ढूंढे कि आय के स्त्रोत कैसे बढ़ें। जो काम शासन के माध्यम से होने हैं और वहां भेजे गए प्रस्ताव लंबित हैं तो उसकी सूची हमें बनाकर दें। रायपुर के चारों विधायकों के साथ मैं खुद मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री (नगरीय प्रशासन) के पास जाऊंगा। अग्रवाल ने कहा कि त्यौहारों का सीजन शुरु हो चुका है। जितनी बड़ी दुकान रहती है उससे ज़्यादा सामान सड़क पर नज़र आता है। ऐसे दुकानदारों के खिलाफ नगर निगम बिना रुके 15 दिनों तक लगातार अभियान चलाए। शहर के चारों तरफ तेजी से कॉलोनियां कैसी बनती जा रही हैं। क्या इन कॉलोनियों का निर्माण नियमों के दायरे में रहकर हो पा रहा है? ध्यान रहे अवैध कॉलोनियों का निर्माण नहीं होने पाए। इसके लिए नगर निगम तथा नगर तथा ग्राम निवेश विभाग (टाउन एंड कंट्री प्लानिंग) के बीच सामंजस्य होना जरूरी है।

रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने कहा कि जिस कार्य का हमने भूमि पूजन किया बाद में पता चला कि उस काम का टेंडर हो रहा है। ये री टेंडर की परंपरा कब से चल पड़ी है। रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने कहा कि नगर निगम हमारे विधानसभा क्षेत्र में जो भी बड़े काम करने जा रहा होता है उसकी जानकारी हमें ही नहीं होती।

महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि शहर के चारों तरफ कॉलोनियां पर कॉलोनियां बनती जा रही हैं। सवाल यह है कि भविष्य में पेयजल की आपूर्ति कहां तक हो पाएगी?

सभापति सूर्यकांत राठौर ने कहा कि खाली पड़े प्लाटों दो साल का टैक्स लेने की बात हुई थी। फिर 2016-17 से टैक्स लेने की नोटिस  कैसे जारी हो रही है?

निगम नेता प्रतिपक्ष संदीप साहू ने कहा कि ऐसे 26 गांव जो बाद में नगर निगम से जुड़े वहां निगम की ओर से बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के बाद ही टैक्स लगाने की बात हुई थी। सुविधाएं तो पहुंची नहीं, टैक्स लगना ज़रूर शुरु हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *