मिसाल न्यूज़
रायपुर। स्वंतत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन का प्रतनिधिं मंडल आज कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अवगत कराया कि रजबंधा में स्थित शहीद स्मारक के निर्माण के संचालन हेतु शासन व्दारा पंच मंडल समिति बनाई गई थी, कलेक्टर जिसके अध्यक्ष थे। उत्तराधिकारी संगठन ने अनुरोध किया कि उसी पुरानी व्यवस्था पर अमल करते हुए कलेक्टर संचालन समिति के अध्यक्ष का दायित्व संभालें।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुरली मनोहर खंडेलवाल ने कलेक्टर को अवगत कराया कि शहीद स्मारक के निर्माण शुरु होते समय जो संचालन समिति बनी थी उसमें कलेक्टर के अध्यक्ष होने के साथ महापौर, नगर निगम कमिश्नर एवं 2 स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संचालक मंडल में थे। राजधानी रायपुर के समस्त स्वंतत्रता संग्राम सेनानी दिवंगत हो चुके हैं, अतः उत्तराधिकारी संगठन में से ही किन्हीं 2 पदाधिकारियों को लेते हुए संचालन समिति का कोरम पूरा कर आगे शहीद स्मारक से जुड़े अधूरे सपनों का पूरा करने का कार्य किया जाए। खंडेलवाल ने कलेक्टर से अनुरोध किया कि शहीद स्मारक भवन परिसर में स्थित सौ से अधिक दुकानों का किराया क़रीब 60 लाख रुपये हर साल आ रहा है। इसी राशि से शहीद स्मारक का मेंटेनेंस करते हुए शेष कार्यों को आगे बढ़ाया जाए। कलेक्टर ने नगर निगम डिप्टी कमिश्नर अंजलि शर्मा को निर्देशित किया कि शहीद स्मारक भवन की फाइल निकलवाकर संचालन समिति एवं डीड से संबंधित जानकारी प्रस्तुत करें। शहीद स्मारक भवन का किराया बाजार विभाग में न डालकर उसे शहीद स्मारक भवन से आय बताई जाए।
कलेक्टर से मिलने वाले प्रतिनिधि मंडल में अनिरुद्ध दुबे, के.के अग्रवाल, महेश दुबे एवं राजेन्द्र चतुर्वेदी शामिल थे।