बस्तर में बारिश थमी लेकिन आंसू नहीं थमे, सरकार विशेष राहत पैकेज की घोषणा करे- दीपक बैज

मिसाल न्यूज़

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पिछले एक हफ्ते में बस्तर में बारिश ने भयंकर  कहर बरपाया। ऐसा मंजर पिछले 100 साल में देखने को नहीं मिला होगा। मैं खुद लगातार 3 दिन बस्तर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर रहा। बाढ़ से सड़कें, पुल-पुलिया तबाह हो गए। आम आदमी की रोजी-रोटी के साधन खेती-बाड़ी सभी बर्बाद हो गए। बस्तर में बारिश थमी है लेकिन आंसू नहीं थमे हैं। छत्तीसगढ़ सरकार प्रभावित परिवारों को 50-50 हजार की तत्काल आर्थिक सहायता मुहैया कराए। साथ ही विशेष राहत पैकेज की घोषणा करे।

राजीव भवन में आज पत्रकार वार्ता में दीपक बैज ने कहा कि मैंने बस्तर के अनेक गांव का दौरा कर बाढ़ पीड़ित परिवारों की समस्याएं सुनी। दंतेवाड़ा गया। बाँगापाल, बड़े तुमनार, दंतेवाड़ा, आवराभाटा, सुरभि कॉलोनी, बालपेट, छोटी टिफरा, मांदर, नेगानार, चित्रकोट, हारमपारा, बास्तानार, बड़े किलेपाल, छोटे किलेपाल, बड़े काकलूर, कुमार साडरा एवं बोधेनार गांवों का दौरा किया। बालपेट हाई स्कूल व (भैरमबद़) के राहत शिविर गया था। पीड़ितों से मुलाकात की। बाढ़ पीड़ितों ने बताया कि जो राहत सामग्री मिल भी रही है वो नाकाफी है। कुछ को मिला, तो कुछ को नहीं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में लोगों के पास खाना, पानी, दवाएं कुछ भी नहीं था। लोगों के घर टूट गए। घर में रखे सामान गंज-बर्तन, दाल-चावल, गैस-चुल्हा, टीवी, फ्रीज, कम्प्यूटर, कपड़ा, बेड, सोना-चांदी, नगद पैसा, आलमारी सभी बह गए। स्कूली बच्चों की कॉपी-पुस्तक, ड्रेस, अंक सूची सभी बह गए। आदिवासी परिवारों के मुर्गा, बकरा, गाय-बैल सब बह गए। किसानों की फसल तो तबाह हुई जमीन के कागजात भी बह गए। शासन एवं प्रशासन से जुड़े लोग हमदर्दी के नाम पर केवल फोटो सेशन कराने में लगे हुए थे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का काम जहां बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के हेलीकॉप्टर दौरे तक सीमित रहा, वहीं बस्तर क्षेत्र के मंत्री केदार कश्यप भी बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री उपलब्ध करा पाने में अक्षम नज़र आए। कश्यप की परवाह तो वहां के अधिकारी लोग भी नहीं करते।

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, महामंत्री सकलेन कामदार, कांग्रेस प्रवक्तागण धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, डॉ. अजय साहू, शारिक रईस खान एवं अजय गंगवानी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *