चक्रधर समारोह 2025: काव्य संध्या में हास्य-वीर रस और व्यंग्य का संगम… अर्नब चटर्जी के सुमधुर गीतों ने बांधा समां…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह में आठवें दिन हास्य, वीर रस और व्यंग्य के साथ काव्य पाठ तथा मधुर गीत-गायन-संगीत की शानदार प्रस्तुतियां हुईं। काव्य पाठ के दौरान पद्मश्री कवि स्व.डॉ सुरेन्द्र दुबे को याद किया गया। जाने-माने कवियों ने अपनी रचनाएं पढ़ीं। मुम्बई से पहुंचे जाने-माने गायक एवं  संगीतकार अर्नब चटर्जी ने अपनी गायकी से समां बांध दिया।

समारोह की आठवीं शाम छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध कवि पद्मश्री स्व.डॉ.सुरेन्द्र दुबे की स्मृतियों को नमन करते हुए एक विशेष काव्य संध्या का आयोजन रायगढ़ के रामलीला मैदान में हुआ। पद्मश्री डॉ.दुबे, जिन्होंने हास्य और व्यंग्य को वैश्विक पहचान दिलाई, अनेक बार इस मंच पर अपनी रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदा चुके थे। समारोह में राजनांदगांव के पद्मलोचन मुंहफट ने हास्य, व्यंग्य और पैरोडी से हंसी की फुहारें बिखेरीं। भिलाई के किशोर तिवारी ने अपने मधुर गीतों से श्रोताओं के दिलों को छू लिया। मुंगेली के देवेन्द्र परिहार ने ओजस्वी वीर रस की कविताओं ने वातावरण को ऊर्जावान बना दिया। रायपुर की शशि सुरेन्द्र दुबे ने गीत और व्यंग्य की रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदाया और सोचने पर विवश किया। रायगढ़ के नरेन्द्र गुप्ता ने वीर रस की कविताओं ने देशभक्ति और पराक्रम की भावना को जीवित किया। बिलाईगढ़ के बंशीधर मिश्रा ने हास्य कविताओं की चुटीली पंक्तियों से माहौल को खुशनुमा बना दिया। कवर्धा के अभिषेक पांडे ने युवा ऊर्जा और समकालीन व्यंग्य से भरी हास्य कविताओं ने मंच को जीवंत किया। बता दें कि गत वर्ष आयोजित 39 वें चक्रधर समारोह में डॉ.दुबे ने अपनी चिरपरिचित पैनी व चुटीली कविताओं से मंच को हँसी और व्यंग्य से गूंजा दिया था।

अर्नब की सुमधुर तान की गूंज

सुप्रसिद्ध संगीतकार एवं गायक अर्नब चटर्जी ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में जन्मे और ऑल इंडिया रेडियो, मुंबई से प्रमाणित गायक अर्नब चटर्जी ने भजन, गज़ल और गीतों की प्रस्तुति दी। उनकी मधुर आवाज़ और सुर-ताल की अद्भुत संगति ने श्रोताओं की तारीफें लूटी। कार्यक्रम के दौरान अर्नब चटर्जी ने फिल्म, टीवी सीरियल, म्यूज़िक एल्बम और डॉक्यूमेंट्री फिल्मों के लिए किए गए अपने सृजनात्मक योगदान की झलक भी प्रस्तुत की। संगीत प्रेमियों ने उन्हें खड़े होकर तालियों से सम्मानित किया। चक्रधर समारोह की इस संध्या में उनकी प्रस्तुति ने न केवल भारतीय संगीत की समृद्ध परंपरा को जीवंत किया बल्कि अर्नब चटर्जी की संगीतमयी संध्या ने समारोह को अविस्मरणीय बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *