0 बास्केटबॉल व वॉलीबॉल मैदान के लिए सांसद निधि से 10 लाख की घोषणा
मिसाल न्यूज़
रायपुर। सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने रविवार को राजधानी के ऐतिहासिक रावणभाठा दशहरा मैदान पर 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विजयादशमी महोत्सव का भूमिपूजन किया। अग्रवाल ने लगभग 40 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित बैडमिंटन हॉल का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से महापौर श्रीमती मीनल चौबे, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर, दूधाधारी मठ प्रमुख महंत रामसुंदर दास, नगर निगम एमआईसी सदस्य तथा रावांभाठा दशहरा समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा उपस्थित थे।

इस बैडमिंटन हॉल का निर्माण सासंद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा विधायक पद के दौरान दी गई विधायक निधि से किया गया था। उल्लेखनीय है कि इस हॉल का भूमिपूजन भी उन्होंने ही अपने हाथों से किया था। लोकार्पण अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। खेल युवाओं में ऊर्जा, अनुशासन और आत्मविश्वास का संचार करते हैं। यह बैडमिंटन हॉल आने वाले समय में रायपुर और आसपास के खिलाड़ियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि रावणभाठा मैदान परिसर में बास्केटबॉल और वॉलीबॉल के लिए भी आधुनिक मैदान विकसित किए जाएंगे। इसके लिए सांसद निधि से 10 लाख रुपए देने की घोषणा की है।

महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने नागरिकों को नया बैडमिंटन हाल मिलने पर बधाई दी और कहा कि नागरिकों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फिट इंडिया अभियान से जुड़कर जीवन में स्वस्थ रहने का संकल्प लेते हुए नये बैडमिंटन हाल का समुचित रखरखाव करने में सहभागी बनना चाहिए।
महंत रामसुन्दर दास ने कहा कि दूधाधारी मठ रायपुर में रावणभाठा मैदान में लगातार 150 वर्षो से दशहरा उत्सव आयोजन सफलतापूर्वक करता आ रहा है। आज के दिन यहां नई उपलब्धियां हासिल हुई हैं।
इस अवसर पर नगर निगम के एमआईसी सदस्यगण दीपक जायसवाल, भोलाराम साहू एवं नंदकिशोर साहू, निगम जोन 6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, पार्षद श्रीमती स्वप्निल मिश्रा, प्रमोद कुमार साहू, एवं अमित साहू उपस्थित थे।

