छत्तीसगढ़ में भूख व दुर्घटना से हो रही गायों की मौत, तस्करी का हो रहा महा पाप- दीपक बैज

मिसाल न्यूज़

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि खुद को गो पूजक और गो रक्षक बताने वाली भाजपा के राज में गायों की तस्करी का महा पाप हो रहा है। गाय स्लाटर हाउस भेजी जा रही। भारत ब्राजील के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा बीफ निर्यातक देश बन गया। छत्तीसगढ़ में गो माता भूख व दुर्घटना से मर रही हैं। भाजपा की सरकार बनने के बाद बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था किए पूर्व की  कांग्रेस सरकार के द्वारा चलाई जा रही गौठान योजना और गोबर खरीदी योजना को बंद कर दिया गया। यही कारण है कि पिछले पौने दो साल में चारे पानी के अभाव में भूख से तथा खुले में घूमने के कारण सड़कों पर एक्सीडेंट से बड़ी संख्या में गायों की लगातार मौत हो रही है।

राजीव भवन में आज पत्रकार वार्ता में दीपक बैज ने कहा कि विभिन्न समाचार माध्यमों में जो खबरें आई हैं उसके अनुसार पौने दो वर्ष में 850 से अधिक गाय सड़कों पर कुचलकर मरी हैं। 1200 से अधिक गायों की दाना- पानी के अभाव में मौत हुई है। 200 से अधिक गाय जहरीला पदार्थ आदि खाने से मरी हैं। सरकार ने गोठान बंद कर दिया। विकल्प के तौर पर पहले गो अभ्यारण्य बनाने की बात की गई फिर गो धाम बनाने का निर्णय हुआ। न तो गो अभ्यारण्य बनाया गया और न ही गो धाम। दिखावे के लिये गो  धामों में चारा के लिये राशि की घोषणा सरकार ने की। प्रति पशुधन 10 रू. प्रतिदिन चारा के लिये आवंटन की बात की गई। इतनी कम राशि में कौन सा चारा आयेगा?  गोठान बंद होने के कारण जब आवारा पशु घुमते नज़र आने लगे सरकार ने अघोषित रूप से बेहद क्रूर निर्णय लिया और गो वंश की तस्करी को बढ़ावा देने शुरू कर दिया। 2023 में कांग्रेस की सरकार के समय में 10 हजार 800 गोठानों में 14 लाख गो वंश का व्यवस्थापन होता था। उनके चारे पानी की व्यवस्था होती थी। गायों की मौत के मामले में कांग्रेस ने अभी तक 6 कमेटियां बनाई हैं। उनकी रिपोर्ट आई है। हमने अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से गांव वालों से चर्चा कर जो जानकारी एकत्रित की वह बहुत ही चौंकाने वाली वाली और दुखद है। दो साल में गांवों और शहरों में पशुओं की संख्या 40 फीसदी तक घट गई है। अर्थात् राज्य से पिछले दो सालों में लगभग 5 लाख से अधिक गो वंश गायब हो गए। दुर्घटना से मरने वाली भूख से मरने वाली कुल गायों की संख्या 2 से ढाई हजार तक है। फिर ये लगभग पांच लाख गाय कहां गई? सीधा मतलब है कि उनकी तस्करी कर यूपी महाराष्ट्र के स्लाटर हाउस पहुंचा दी गईं।

बैज ने कहा कि बीफ निर्यात कर केन्द्र सरकार हर साल 4.3 अरब डॉलर कमा रही है। 2014 के बाद मोदी सरकार की नीतियों के कारण भारत दुनिया के 65 देशों में बीफ निर्यात कर रहा है। भाजपा शासित राज्यों में देश के सर्वाधिक स्लाटर हाउस हैं। इनमें उत्तरप्रदेश, मध्य प्रदेश एवं महाराष्ट्र का नाम शुमार है। इलेक्ट्रोल बांड में खुलासा हुआ कि भाजपा ने बीफ निर्यातक कंपनियों से चंदा लिया।

बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जब कांग्रेस की सरकार थी गायों की रक्षा के लिए गोठान बनाए गए। गोबर खरीदी शुरू की गई ताकि गायों का पालन पोषण करने वालों की आय का जरिया बन सके। भाजपा की डबल इंजन की सरकार गो वंश को कत्ल खाने भेज रही है। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि पिछले पौने दो साल में प्रदेश से गायब लगभग 5 लाख गो वंश के बारे में सरकार स्पष्टीकरण दे। सरकार 2023 के पहले के सभी 10 हजार 800 गौठानों को पुनः शुरू करे। गोठानों में चारा पानी की सुरक्षित व्यवस्था की जाए।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, पूर्व सांसद छाया वर्मा, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, कन्हैया अग्रवाल, सकलेन कामदार, उधोराम वर्मा, धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, सत्यप्रकाश सिंह, अजय गंगवानी एवं सौरभ साहू उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *