रायपुर पश्चिम में 96 करोड़ की परियोजनाओं का भूमि पूजन… उप मुख्यमंत्री साव ने 70 वार्डों के लिए की 50-50 लाख की घोषणा…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में आज 96 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने रायपुर नगर निगम के सभी 70 वार्डों के लिए 50-50 लाख के विकास कार्यों की घोषणा की। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ एवं निगम कमिश्नर विश्वदीप उपस्थित थे।

प्रमुख विकास कार्यों का विवरण

* *शशिबाला कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला शुक्रवारी बाजार में 3.37 करोड़ की लागत से बने नवीन भवन का लोकार्पण।
* *ठक्कर बापा वार्ड (दीक्षा नगर) में 19.60 करोड़ की लागत से बनने वाली पानी टंकी, पाइप लाइन, घरेलू कनेक्शन और स्काडा सिस्टम सहित जलप्रदाय परियोजना का भूमि पूजन। इससे लगभग 75 हजार नागरिकों को लाभ होगा।
* *जरवाय मार्ग (बंगाली होटल के पास) और हीरापुर चौक (रिंग रोड-2) पर क्रमशः 23.89 करोड़ और 49.40 करोड़ की लागत से दो ओवरपास निर्माण कार्यों का भूमिपूजन।

गरीबों के घर पहुंचेगा

पानी- मूणत

रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने कहा कि विष्णुदेव साय सरकार में उपमुख्यमंत्री अरुण साव के सहयोग से आज गरीबों के घरों में पानी पहुंचेगा। यह क्षेत्र वर्षों से पिछड़ा हुआ था। कांग्रेस के शासनकाल में पाइप लाइन के ऊपर लाइफ लाइन बिछा दी गई थी, जिससे पानी की आपूर्ति बाधित रही। भाजपा की सरकार बनी तो हमने वस्तुस्थिति साव जी के समक्ष रखी। उन्होंने तुरंत कहा कि गरीबों के घर तक पानी पहुंचना चाहिए। पानी टंकी की मांग हमने सांसद बृजमोहन अग्रवाल के समक्ष रखी थी। आज रायपुर में सौगातों की श्रृंखला शुरू हो गई है। कांग्रेस शासनकाल में नगर निगम के उद्यानों और तालाबों में व्यवसायिक चौपाटियां बना दी गईं, लेकिन अब महापौर मीनल चौबे ने निर्णय लिया है कि ऐसा नहीं होगा। रायपुर के विकास के लिए मैंने कई बार लोगों से दुश्मनी भी मोल ली है, लेकिन पीछे नहीं हटा।

विकास की बरसात

शुरू- बृजमोहन

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा किआप सभी ने भाजपा को लोकसभा, नगर निगम और विधानसभा चुनावों में विजयी बनाया। आज उसी का परिणाम है कि रायपुर पश्चिम में 75 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों की शुरुआत हो रही है। कांग्रेस शासनकाल में पांच साल ठन-ठन गोपाल था, अब विकास की बरसात शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों में मंत्री रहते हुए राजेश मूणत ने इतनी सड़कें, पुल और अन्य कार्य कराए कि रायपुर शहर की पहचान देश भर में बनी। अब हमें मिलकर इसे कमल के फूल की तरह सुंदर और चमकदार बनाना है।

462 करोड़ निगम को, 59 करोड़

पश्चिम को- अरुण साव

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा किआज सप्तमी का पावन पर्व है। इस दिन जलागार के लिए भूमि पूजन हुआ है। कांग्रेस के शासनकाल में पांच साल तक विकास थमा रहा। भाजपा की सरकार बनने के बाद रायपुर समेत पूरे प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है। वर्ष 2023 में भाजपा सरकार बनने के बाद रायपुर नगर निगम को 462 करोड़ और रायपुर पश्चिम विधानसभा को 59 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग से रायपुर के लिए कई सौ करोड़ के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे—यह भाजपा सरकार का संकल्प है।

विकास की गंगा

बह रही- मीनल 

महापौर मीनल चौबे ने कहा कि यह केवल पानी की टंकी का भूमि पूजन नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी जनता की मांग की पूर्ति है। जब से महापौर बनी हूं देख रही हूं कि बीते पांच वर्षों से नागरिक पेयजल संकट से जूझ रहे थे। अब समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद विकास की गंगा बह रही है। शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की जिम्मेदारी है और आज उसी उद्देश्य की पूर्ति की जा रही है। उन्होंने विधायक राजेश मूणत और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रयासों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि भाजपा शासन में रायपुर का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा।

रायपुर ग्रामीण को भी 43 करोड़

की योजनाओं की सौगात

आज ही रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 43 करोड़ 76 लाख 48 हजार की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम सरोरा चौक (रिलायंस पेट्रोल पंप के पास) में आयोजित हुआ। जहां डिप्टी सीएम अरुण साव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू और रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़ उपस्थित रहे।

विधायक मोतीलाल साहू ने कहा कि यह मेरे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन है। उपमुख्यमंत्री ने जनता की वर्षों पुरानी मांगों को गंभीरता से लेते हुए इन कार्यों की स्वीकृति दी है। विधायक सुनील सोनी ने कहा कि भाजपा सरकार रायपुर के हर क्षेत्र को साथ लेकर चल रही है। ग्रामीण क्षेत्र की अनदेखी अब अतीत की बात है। विकास अब शहर से गांव तक पहुंचेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *