राजधानी रायपुर में 15 से 19 नवंबर तक लोकसभा सांसद खेल महोत्सव… बृजमोहन अग्रवाल ने नगर निगम में की तैयारियों पर बातचीत…

0 रायपुर एवं बिरगांव नगर निगम तथा माना कैम्प नगर पंचायत का रहेगा खास रोल

मिसाल न्यूज़

रायपुर। राजधानी रायपुर में 15 से 19 नवंबर तक रायपुर लोकसभा सांसद खेल महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आव्हान पर केन्द्र सरकार के खेल मंत्रालय के फिट इंडिया मुव्हमेंट को जनआंदोलन बनाने का उद्देश्य लेकर यह आयोजन हो रहा है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने आज नगर निगम मुख्यालय के सामान्य सभा हॉल में रायपुर लोकसभा सांसद खेल महोत्सव के आयोजन को लेकर हुई बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि इस खेल महोत्सव के माध्यम से जबरदस्त खेल का वातावरण बनेगा। खेल महोत्सव का शुभारंभ सप्रे शाला मैदान में और समापन इंडोर स्टेडियम में होगा। वार्डों के वरिष्ठ खिलाड़ियों, जिन्होंने राज्य, राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, उनका सम्मान किया जाएगा।

सामान्य सभा हॉल में हुई इस मिटिंग में प्रमुख रुप से विधायकगण सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा व मोतीलाल साहू, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़, माना कैम्प नगर पंचायत अध्यक्ष संजय यादव, नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप, जिला शिक्षा अधिकारी, नगर निगम के एमआईसी सदस्यगण, जोन अध्यक्षगण, पार्षदगण एवं जोन कमिश्नरगण उपस्थित थे।

खेल महोत्सव हेतु रायपुर में 10, बीरगांव में 2 और माना में 1 जोन मिलाकर कुल 13 जोन बनाए गए हैं। महोत्सव में 13 खेलों का आयोजन महिला-पुरुष वर्ग में 19 वर्ष से कम और 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए होगा। कोई भी बच्चा, युवा या बुजुर्ग, जिसे खेलों में रुचि है, QR कोड के माध्यम से पंजीयन कर भाग ले सकता है।

सामान्य सभा हॉल में बृजमोहन अग्रवाल ने सभी पार्षदों से अपने क्षेत्र में प्रचार-प्रसार करने, खिलाड़ियों की पहचान करने, खेल स्थल चयन करने और उत्सव का माहौल बनाने का आह्वान किया। गार्डन और लाइब्रेरी में भी महोत्सव के प्रचार की योजना है। उन्होंने कहा कि नगर निगम स्तर पर फाइनल टीम बनेगी, वहीं माना और बीरगांव में भी जोन स्तर पर टीमें तैयार होंगी। अग्रवाल ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव में सम्मिलित होने क्यूआर बार कोड को स्कैन कर उसमें दिये गये खेल महोत्सव फार्म को भरवाते हुए अधिक से अधिक लोगों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करें। सभी जोन कमिश्नर जोन स्तर पर जोन अध्यक्ष, पार्षदों सहित खेल संघों के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों की बैठक लेकर उन्हें आयोजन से जोड़ें। सांसद ने जोन स्तर पर 3-4 स्थानो का चयन करने एवं लोगो को इसमें सम्मिलित 13 खेल विधाओ खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, बास्केट बॉल, रस्साकसी, भारोत्तोलन, कुश्ती, रोप स्पीकिंग, स्वीमिंग, शरीर सौष्ठव, शतरंज, फुगडी, गेड़ी की जानकारी देकर लोगों को अधिक से अधिक इसमें सम्मिलित करने प्रोत्साहित करने की अपील सभी वार्ड पार्षदो से की है।

महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि आज के मोबाईल डिजिटल युग में नगर निगम रायपुर के सभी 70 वार्ड पार्षद सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें रायपुर नगर निगम की टीम बनाकर रायपुर लोकसभा सांसद खेल महोत्सव में सम्मिलित होने का अवसर मिल रहा है। महापौर ने अपील की कि रायपुर नगर निगम की सभी महिला वार्ड पार्षद अपने वार्ड की रहवासी महिलाओं को आयोजन से अधिक से अधिक जोड़ें एवं उसके लिए बारकोड को स्कैन करवाकर फार्म भरवाकर आयोजन को भव्यता देने सहभागी बनें। सभी पुरूष पार्षद पुरुषों को जानकारी अधिकाधिक दें एवं टीम तैयार कर उन्हें महोत्सव से अधिक से अधिक संख्या में जोड़ें।

सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों में जोन के अधिकारी रायपुर लोकसभा सांसद खेल महोत्सव के रायपुर में 14 से 19 नवंबर तक के आयोजन की जानकारी जन जन को देने बड़े विज्ञापन होर्डिंग लगवाएं। स्कूल-कॉलेजों में व्यापक प्रचार प्रसार हो जिससे अधिकाधिक संख्या में छात्रगण इसमें सम्मिलित हो सकें।

विधायकगण सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा एवं मोतीलाल साहू ने भी अपने विचार रखे। आयोजन को लेकर एमआईसी सदस्य मनोज वर्मा, निगम अपील समिति सदस्य राजेश गुप्ता एवं जोन 5 अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल ने भी अपने विचार रखे।

इस अवसर पर नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप ने जानकारी दी कि रायपुर लोकसभा सांसद के निर्देश पर रायपुर लोकसभा सांसद खेल महोत्सव के आयोजन हेतु नगर निगम रायपुर द्वारा विधानसभावार खिलाड़ियों का पंजीयन फार्म भरवाकर प्रारंभ करवा दिया गया है। अब तक महोत्सव हेतु रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 3250, रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में 961, रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में 624, रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में 715 खिलाड़ियों का फार्म भरवाकर बार कोड क्यूआर कोड से पंजीयन किया जा चुका है। यह कार्य दीपावाली पश्चात् और तेज गति से किया जायेगा। जिंगल्स के माध्यम से नगर निगम की सभी सफाई वाहनों में और होर्डिंग बैनर पोस्टर स्टीकर स्कूल कालेजों क्लबों वाचनालयों उद्यानों में एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगाकर इससे अवगत कराया जाएगा। बैठक का संचालन अपर कमिश्नर विनोद पाण्डेय एवं अंत में आभार प्रदर्शन निगम कमिश्नर विश्वदीप ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *