मिसाल न्यूज़
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बिरनपुर मामले में सीबीआई ने विशेष अदालत में अपनी चार्ज शीट दाखिल कर दी है। खबरों में सीबीआई की चार्ज शीट के तथ्य सार्वजनिक हुए हैं। सीबीआई की विवेचना में स्पष्ट हुआ है कि यह घटनाक्रम दो बच्चों के झगड़े से शुरू हो कर दो परिवारों तक पहुंचा और बाद में दो समुदायों का झगड़ा बन गया। भाजपा ने षडयंत्र रचकर 2023 के चुनाव में इसे जमकर भुनाया। उस षड़यंत्र में भाजपा के उस समय के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव की बड़ी भूमिका रही थी। इससे कांग्रेस को राजनैतिक रूप से बड़ा नुकसान हुआ। सीबीआई की चार्ज शीट के बाद तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष और वर्तमान उप मुख्यमंत्री अरुण साव में जरा भी नैतिकता हो तो अपने पद से इस्तीफा देकर छत्तीसगढ़ की जनता से माफी मांगें।
राजीव भवन में आज पत्रकार वार्ता में दीपक बैज ने कहा कि सीबीआई जांच के बिन्दु भाजपा सरकार ने तय किए थे। यदि जांच के बिन्दु में घटना के बाद के राजनैतिक षड़यंत्र होता तो भाजपा बेनकाब हो जाती। बिरनपुर मामले में सीबीआई की चार्जशीट से साफ हो गया कि उस समय भाजपा ने तत्कालीन कांग्रेस सरकार और कांग्रेस पार्टी पर जो आरोप लगाया था वह झूठा था। यह आरोप भाजपा की चुनावी लाभ लेने के उद्देश्य से की गई राजनैतिक साजिश थी। भाजपा ने उस समय घटना को सांप्रदायिक और जातीय रंग देकर राजनैतिक लाभ लेने का षडयंत्र रचा था। तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अरुण साव घटना के बाद वहां जाकर पूरे घटनाक्रम को सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास किए और उसमें वे सफल भी रहे। अरूण साव जब घटना स्थल पर गये थे, तब उनके सामने आगजनी की गई थी। वे वहां पर भड़काऊ भाषण दिये थे।
बैज ने कहा कि इस मामले को लेकर भाजपा ने एक समाज को कांग्रेस के खिलाफ भड़काने का प्रयास किया। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में भी पूरे प्रदेश में इस झगड़े को सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास किया। प्रधानमंत्री मोदी से लेकर गृह मंत्री अमित शाह सभी ने अपनी चुनावी सभा में इस दुर्भाग्यजनक घटना को धार्मिक और जातीय झगड़े से जोड़कर प्रस्तुत किया। भाजपा ने मृतक भुवनेश्वर के पिता ईश्वर साहू को टिकिट दे कर सहानुभूति बटोरने की साजिश की। सीबीआई की जांच यह भी साफ हो गया कि उस समय कांग्रेस की सरकार ने जो कार्यवाही की, घटना के लिए जिम्मेदार मानकर जिन लोगों की गिरफ्तारियां की वह सही थी। भाजपा ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण का झूठा और मनगढ़ंत आरोप लगाया था तथा भाजपा नेताओं ने उस समय राजनैतिक लाभ लेने ध्रुवीकरण के लिए गलतबयानी की थी। ईश्वर साहू अपने बयानों में जिस व्यक्ति अंजोर यदु पर आरोप लगाते थे, उसे भी सीबीआई ने दोषी नहीं माना है। सीबीआई की चार्ज शीट में इसका कोई उल्लेख नहीं है।
पूरे प्रदेश में कांग्रेस को हुआ
नुकसान- धनेन्द्र साहू
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष धनेन्द्र साहू ने कहा कि चुनाव के समय, आचार संहिता के समय भाजपा वालों ने चुनाव को प्रभावित किया। भाजपा ने जातिवाद और सांप्रदायिकता को बढ़ावा दिया। भाजपा ने एक विधानसभा में नहीं पूरे विधानसभा में इसको मुद्दा बनाया। सीबीआई जांच से पता चलता है कि भाजपा ने वोट के लिये बिरनपुर पर राजनीति की। बिरनपुर की घटना जो 2023 के चुनाव से पहले घटित हुई थी, सीबीआई जांच में साफ हो गया की इसमें कोई राजनैतिक साजिश नहीं थी। भाजपा ने इसको सांप्रदायिक रूप दे दिया। चुनावी फायदे के लिये पूरे प्रदेश में कांग्रेस को इससे नुकसान हुआ। चुनाव परिणाम बुरी तरह प्रभावित हुआ। भाजपा ने जनता को गुमराह किया। लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ने इसको मुद्दा बनाया। भाजपा संगठन और सरकार को इस्तीफा दे देना चाहिये।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, महामंत्री सकलेन कामदार, जिला अध्यक्ष उधोराम वर्मा, प्रवक्तागण धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, सत्यप्रकाश सिंह, अजय गंगवानी एवं ऋषभ चंद्राकर उपस्थित थे।

