0 नगर निगम के 536 अधिकारियों-कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिलाने किया था लंबा वर्क
मिसाल न्यूज़
रायपुर। विगत 30 सितम्बर को रायपुर नगर निगम के अपर कमिश्नर पद से सेवा निवृत्त हुए यू. एस. अग्रवाल का आज शाम निगम कमिश्नर विश्वदीप सहित अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों ने सम्मान किया। कार्यक्रम निगम मुख्यालय के सामान्य सभा हॉल में आयोजित था। नगर निगम अधिकारी कर्मचारी एकता संघ के अध्यक्ष प्रमोद जाधव ने कहा कि श्री अग्रवाल ने निगम के 536 अधिकारियों-कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने में अहम् भूमिका निभाई। श्री जाधव ने राज्य शासन से मांग की है कि श्री अग्रवाल को एक वर्ष की संविदा नियुक्ति देते हुए रायपुर नगर निगम में ही पदस्थ किया जाए। ताकि उनके दीर्घ अनुभवों का लाभ आगे भी निगम को मिल सके।

उल्लेखनीय है कि क़रीब सवा साल पहले रायपुर कलेक्ट्रेट से यू.एस. अग्रवाल ने रायपुर नगर निगम अपर कमिश्नर की जिम्मेदारी सम्हाली थी। उन्होंने सहयोगी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से तालमेल बिठाकर निगम के राजस्व का ग्राफ ऊपर ले जाने तथा अन्य कार्यों में मिसाल पेश की। ख़ासकर गंज मंडी एवं नवीन बाजार बाजार प्रोजेक्ट पर अग्रवाल एवं उनकी टीम ने काफी मेहनत की। नगर निगम के खाली स्थानों पर बॉड के माध्यम से मल्टीस्टोरी कॉमर्शियल कॉम्पलेक्स पर आगे जो काम होना है उस पर भी श्री अग्रवाल का लंबा होम वर्क रहा।

सम्मान समारोह में निगम कमिश्नर विश्वदीप ने यू. एस. अग्रवाल का मंच पर श्रीफल, शाल, स्मृति चिन्ह, अवकाश नगदीकरण राशि का चेक प्रदत्त कर बुके देते हुए सम्मान किया। विश्वदीप ने नगर निगम के हित में राजस्व वसूली अग्रवाल व्दारा राजस्व वसूली की दिशा में उठाए गए कदम को मिसाल बताया। निगम कमिश्नर ने श्री अग्रवाल की धर्मपत्नी श्रीमती मनीषा अग्रवाल एवं सुपुत्र ऋभव अग्रवाल को मंच पर बुलाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। अपर कमिश्नर श्रीमती कृष्णा खटिक ने श्रीमती अग्रवाल को शाल प्रदत्त कर सम्मानित किया।
रायपुर नगर निगम अधिकारी कर्मचारी एकता संघ ने नगर निगम के सेवारत 536 अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिलवाने में श्री अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया और गज माला से उनका सम्मान किया। नगर निगम की संगी मितान सेवा समिति के अध्यक्ष तथा नगरीय प्रशासन और विकास विभाग के ओएसडी निशिकांत वर्मा के नेतृत्व में उनकी टीम ने अग्रवाल को स्मृति चिन्ह प्रदान करते हुए उनका सम्मान किया। अपर कमिश्नर कार्यालय के रुपेश भस्मे सहित अन्य कर्मचारियों ने अग्रवाल का गजमाला पहनाकर सम्मान किया।
यू. एस. अग्रवाल ने सेवाकाल के दौरान निगम के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों सहयोग के लिए उन्हें हार्दिक धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी और अधिकारी को सदैव सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। अपर कमिश्नर व्दय विनोद पाण्डेय व श्रीमती कृष्णा खटिक, मुख्य अभियंता यू. के. धलेन्द्र, अधीक्षण अभियंतागण राजेश राठौर, पी. राजेश नायडू व संजय बागड़े, जोन कमिश्नरगण अरुण ध्रुव व विवेकानंद दुबे, डिप्टी कमिश्नर जसदेव सिंह बाबरा, कार्यपालन अभियंता अंशुल शर्मा (जूनियर), रायपुर नगर निगम अधिकारी कर्मचारी एकता संघ के अध्यक्ष प्रमोद जाधव, आईटी विशेषज्ञ रंजीत रंजन ने श्री अग्रवाल के साथ जुड़े अपने अनुभवों को शेयर किया। अपर कमिश्नर पंकज शर्मा सहित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्री अग्रवाल को बुके देकर सम्मानित किया।

