मिसाल न्यूज़
रायपुर। नगर निगम जोन 3 कमिश्नर श्रीमती प्रीति सिंह ने मरीन ड्राइव (तेलीबांधा तालाब) की व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। जोन कमिश्नर ने पाया कि तेलीबांधा तालाब में एसटीपी सिस्टम बंद है। दूषित पानी सीधे तालाब में जा रहा है। जलकुंभी फैल चुकी है और मछलियां मर रही हैं। जोन कमिश्नर ने इसके लिए जिम्मेदार मेसर्स ईसीएचटी इंटीग्रेटेड रिकिएशन फेसिलिटी प्रा. लि. अहमदाबाद पर ढाई लाख एवं एसटीपी प्रबंधक आलोक महावर पर 1 लाख के अर्थ दंड का नोटिस जारी किया।
जोन 3 जोन कमिश्नर श्रीमती प्रीति सिंह ने पाया कि गो ग्रीन साल्युशन पीव्हीटीएलटीडी सम्राट नगर नागपुर द्वारा तेलीबांधा तालाब मरीन ड्राइव में संचालित दुकानों के चाय के डिस्पोजल एवं पानी प्लास्टिक बोतलें तालाब में जा रही हैं। मरीन ड्राइव के अंदर जगह जगह कचरे के ढेर व कबाड़ सामग्री रखी मिली। जन शिकायतें सही मिलने पर महापौर श्रीमती मीनल चौबे के आदेश पर निगम कमिश्र विश्वदीप के निर्देशानुसार जोन 3 जोन कमिश्नर ने संबंधित एसटीपी प्रबंधक आलोक महावर को नोटिस देते हुए 1 लाख का अर्थदण्ड लगाने की कार्यवाही की है। इसी प्रकार मरीन ड्राइव में विगत 1 माह से अनुबंध के विपरीत कार्य किये जाने और अनुबंध की नियम शर्ते के अंतर्गत गतिविधियों की सूची में से पृष्ठ कमांक 31 में सॉलिड वेस्ट को मरीन ड्राइव के अंदर एवं बाहर फैलाये जाने, सेफ्टी एवं सिक्योरिटी में 5 सुरक्षा गार्ड उपलब्ध नहीं कराये जाने, पूरे परिक्षेत्र में गंदगी वातावरण पाए जाने एवं तालाब का जल दूषित होने पर संबंधित एजेंसी मेसर्स ईसीएचटी इंटीग्रेटेड रिकिएशन फेसिलिटी प्रा. लि. अहमदाबाद गुजरात पर ढाई लाख का अर्थ दण्ड लगाया।
कार्यवाही के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी पूरन कुमार तांडी एवं जोन स्वच्छता निरीक्षक उपस्थिति थे।

