प्लेसमेंट कर्मचारी कल्याण संघ मिला महापौर से… न्यूनतम वेतन दर में वृद्धि की मांग…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। प्लेसमेंट कर्मचारी कल्याण संघ का प्रतिनिधि मंडल आज  महापौर श्रीमती मीनल चौबे से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने महापौर को अवगत कराया कि अन्य पड़ोसी राज्यों की तुलना में छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों का न्यूनतम श्रम दर सबसे निचले स्तर पर है। यही वजह है कि रायपुर नगर निगम में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों में आक्रोश है। प्रतिनिधि मंडल ने महापौर को ज्ञापन सौंपकर प्लेसमेंट कर्मचारियों के न्यूनतम वेतन दर में वृद्धि किये जाने की मांग की।

प्लेसमेंट कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष संजय एड़े एवं सचिव खेमूलाल निषाद ने महापौर को अवगत कराया कि वर्तमान में नगर निगम के प्लेसमेंट कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन 11 हजार 176 रुपये है,  जो कि आंधप्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार, महाराष्ट्र, ओड़िशा एवं मध्यप्रदेश जैसे  राज्यों  की तुलना में काफी कम है। यही वजह है कि रायपुर नगर निगम में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मियों में सरकार के प्रति भारी आक्रोश है। साथ ही बिना किसी ठोस कारण के पिछले 10-15 वर्षों से कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को नौकरी से पृथक किया जा रहा है। इस कारण भी प्लेसमेंट कर्मचारी आक्रोशित हैं।

प्रतिनिधि मंडल ने महापौर के समक्ष मांग रखी कि रायपुर नगर निगम में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों हेतु एक नीति/सेवा नियम बनाया जाये। उक्त निति/सेवा नियम के तहत प्लेसमेंट कर्मचारियों को एक सम्मानजनक वेतन एवं उनके जॉब की सुरक्षा, प्रतिवर्ष 5% वेतन वृद्धि व चिकित्सा सुविधा, बीमा आदि का प्रावधान रखा जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *