मंत्री गजेंद्र यादव ने आंदोलनरत किसानों से मिलकर सुनी समस्याएं

मिसाल न्यूज़

रायपुर। भारतीय किसान संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश द्वारा आज बूढ़ातलाब स्थित धरना स्थल पर आंदोलन किया गया था। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने आंदोलनरत भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात की और उनसे उनकी समस्याओं के संबंध में जाना। बिंदुवार सभी नौ सूत्रीय मांगों पर उन्होंने चर्चा की। इसके बाद वे बूढ़ातलाब स्थित धरना स्थल पहुंचे, जहां वे बड़ी संख्या में आये किसानों से  मिले।

शिक्षा मंत्री यादव ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी किसान एक परिवार की तरह हैं। हमारी विचारधारा भी एक ही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी इसी किसान परिवार से संबंध में रखते हैं। इसीलिए आपकी मांगों पर उन्होंने संवेदनशीलतापूर्वक विचार किया है। सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा कैबिनेट बैठक में 15 परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई थी जिसके निर्माण के लिए 2800 करोड़ रूपयों को आज जारी किया जा रहा है। इसके साथ ही धान खरीदी पर किसानों से 40 किलो में सात सौ ग्राम से अधिक नहीं लेने एवं समितियों में भंडारण सुनिश्चित करने की भी उन्होंने घोषणा की और खाद की कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण का भी आश्वासन दिया है।

यादव ने बताया कि किसानों की मांग अनुरूप कवर्धा के भोरमदेव शक्कर उत्पादक कंपनी के गन्ना उत्पादक किसानों की बकाया 46 करोड़ की राशि को कैबिनेट द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। वित्त विभाग द्वारा इसपर जल्द कार्यवाही पूर्ण कर किसानों को लाभान्वित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *