मिसाल न्यूज़
रायपुर। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सव. मोतीलाल त्रिपाठी की 21 वीं पुण्य तिथि आज शहीद स्मारक भवन में मनाई गई। कार्यक्रम के विशेष अतिथि जाने-माने इतिहासकार रमेन्द्र नाथ मिश्र एवं सेवानिवृत्त आईपीएस प्रदीप नारायण तिवारी थे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार के सदस्यों ने स्व. मोतीलाल त्रिपाठी के छाया चित्र पर पुष्प अर्पित किए। अतिथिगण रमेन्द्रनाथ मिश्र एवं प्रदीप नारायण तिवारी समेत के.के. अग्रवाल, अरुण दुबे एवं सुनील बाजारी ने स्व. त्रिपाठी के भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेने से लेकर उनके स्वतंत्रता सेनानी संगठन में एक पदाधिकारी के रूप में दिए गए अमूल्य योगदान को याद किया। वक्ताओं ने यह भी कहा कि आज हम जिस शहीद स्मारक भवन में खड़े हैं उसमें शहीद स्मारक भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष स्व. कमलनारायण शर्मा एवं सचिव स्व. मोतीलाल त्रिपाठी के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। अविभाजित मध्यप्रदेश के समय में तब की राजधानी भोपाल पहुंचकर स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़े मसलों को तत्कालीन सरकार के सामने रखने में स्व. त्रिपाठी ने अहम् भूमिका निभाई थी। स्व. मोतीलाल त्रिपाठी के पुत्र अखिलेश त्रिपाठी ने अपने पिता से जुड़े अनुभवों को साझा किया। कार्यक्रम का संचालन अनिरुद्ध दुबे तथा आभार प्रदर्शन अजय सोनी ने किया। अंत में स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को किताब के माध्यम से सामने लाने वाले इतिहासकार व वरिष्ठ पत्रकार आशीष सिंह ठाकुर के निधन पर मौन रखकर सेनानी परिवार के सदस्यों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में सेनानी परिवार के सदस्य राजेन्द्र उमाठे, महेश दुबे, मंगल सिंह, चंद्रकांत पांडे, सुश्री रमा दत्त जोशी, पी. संतोष नायडू, प्रभात तिवारी, उल्हास पिंपुलापुरे एवं अश्विन त्रिपाठी उपस्थित थे।