साइंस कॉलेज के पास की चौपाटी अवैध, एजुकेशन हब बनाएंगे- राजेश मूणत

मिसाल न्यूज़

रायपुर। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा विधायक राजेश मूणत ने साइंस कॉलेज मैदान के सामने बनी चौपाटी को पूरी तरह अवैध बताते हुए कहा कि हमारी सरकार उक्त स्थान को एजुकेशन हब के तौर पर विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मूणत ने आरोप लगाया कि चौपाटी के मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस के एक महामंत्री ने कल देर रात मेरे निवास के सामने हंगामा किया। ऐसी निम्नस्तरीय राजनीति इससे पहले कभी नहीं देखी। चौपाटी की जमीन सरकारी है। नियमत: भूमि अनापत्ति प्रमाण पत्र के अभाव में चौपाटी की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकती थी। हम किसी को भी बेरोजगार नहीं करना चाहते, इसलिए उनके व्यवस्थापन की प्रक्रिया चल रही है और जल्दी ही यह पूरी कर ली जाएगी।

एकात्म परिसर में आज पत्रकार वार्ता में राजेश मूणत ने कहा कि चौपाटी की जगह पर एजुकेशन हब बनने से वहाँ अध्ययन के लिए एक सकारात्मक वातावरण बनेगा और हजारों विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा। पिछली भूपेश सरकार के कार्यकाल में स्मार्ट सिटी योजना के तहत यूथ हब व ग्रीन कॉरीडोर के स्थान पर चौपाटी बना दी गई। इससे साफ है कि इसमें कांग्रेस के लोगों की संलिप्तता रही है और तत्कालीन सत्ताधीशों के संरक्षण में इसका व्यवसायीकरण कर दिया गया। आज जब भाजपा सरकार इस स्थान को एजुकेशन हब के रूप में विकसित कर लाइब्रेरी आदि बनाकर शैक्षिक वातावरण बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है तो तुच्छ राजनीतिक लाभ के लिए बेतुकी व निराधार बातें करके भ्रम फैलाया जा रहा है। कांग्रेस ने रायपुर शहर में अवैध कब्जों व निर्माणों को संरक्षण देने का काम ही किया है।

मूणत ने कहा कि अवैध चौपाटी कोई एक दिन का विषय नहीं है। साढ़े तीन साल से हम लगातार इसका विरोध करते आ रहे हैं। जी.ई. रोड पर अनुपम गार्डन से इंटरनेश्नल हॉकी स्टेडियम तक यूथ हब एवं ग्रीन कॉरीडोर निर्माण का कार्यादेश 29 अक्टूबर 2020 को जारी किया गया था। तब इसकी स्वीकृत राशि 19.85 करोड़ थी। इसके तहत स्मार्ट रीडिंग जोन सह लाइब्रेरी तक्षशिला (मोतीबाग के पास) 9.59 करोड, वेंडिग जोन (इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम के पास) 6.13 करोड़, अंतरराष्ट्रीय स्वीमिंग पूल के पीछे ओपन रीडिंग एरिया 2.45 करोड़ एवं अनुपम गार्डन पुनर्विकास कार्य 0.94 करोड़ व्यय किया गया था। यूथ हब के संचालन तथा संधारण के लिए रायपुर स्मार्ट सिटी ने 3 बार टेंडर किया जिसमें पहली बार कोई नहीं आया। दूसरी बार 2 लोग आए और दोनों अपात्र हो गए। इसके बाद शर्तों को शिथिल कर 02 अगस्त 2023 को संचालक खेल तथा युवा कल्याण विभाग से एन.ओ.सी. लिए बिना ही चौपाटी के लिए रिक्वेस्ट फार्म प्रपोजल जारी किया गया जिसे 04 सितम्बर, 2024 को प्रस्तुत करने की तारीख तय हुई। इसमें चार संस्थाओं ने प्रस्ताव दिया था। इनके द्वारा प्रस्तुत सारे दस्तावेजों का परीक्षण, विश्लेषण तथा एग्रीमेंट की कार्यवाही 05 अक्टूबर, 2023 तक कर ली गई। यूथ हब परिसर में स्टेशनरी, पुस्तक स्टाल, फोटो कापी, मोबाइल रिपेयरिंग शॉप, जूते की दुकान, खेल जिम उपकरण की दुकान, ताजे फूलों की दुकान, कॅरियर शिपिंग सर्विस, फोटोग्रॉफ स्टूडियो, यात्रा ऐंजेंसी, मेडिकल सेंटर, डायग्नोस्टिक सेंटर जैसे व्यापार से सम्बन्धित 60 दुकानें खुलनी थीं, किन्तु इस स्थान पर ऐसी एक भी शॉप न खोलकर सभी नियमों का उल्लंघन करते हुए इसे चौपाटी में परिवर्तित कर दिया गया।

शुरु से अवैध चौपाटी का

करते रहे हैं विरोध- महापौर

महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि हम शुरू से किसी एक व्यक्ति से एग्रीमेंट कर बनाई गई अवैध चौपाटी का विरोध करते आ रहे हैं। नगर निगम ने इस मामले में कार्रवाई कर चौपाटी को नई जगह पर व्यवस्थापित किया है। इस चौपाटी से छात्रों के शैक्षणिक भविष्य पर आने वाले संकट को देखकर यह कार्रवाई एकदम उपयुक्त है। कांग्रेस के लोग इस मसले पर झूठ फैलाकर शहरवासियों को गुमराह कर रहे हैं।

पत्रकार वार्ता में लौह शिल्पकार आयोग अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा, रायपुर शहर भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, ओंकार बैस, जिला महामंत्री अमित मैशेरी गुंजन प्रजापति, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर, जिला उपाध्यक्ष सत्यम दुआ, अकबर अली, एमआईसी सदस्य मनोज वर्मा, दीपक जायसवाल, सरिता आकाश दुबे, खेमकुमार सेन, संजना हियाल, अमर गिदवानी, संतोष कुमार साहू, डॉ. अनामिका सिंह, अवतार सिंह बागल, भोला साहू, नंदकिशोर साहू, गायत्री सुनील चंद्राकर सहित अन्य भाजपा पार्षदगण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *