मिसाल न्यूज़
रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना में भारी अनियमितताएं होने का आरोप लगाते हुए नगर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने आज पीड़ित हितग्राहियों के साथ निगम मुख्यालय के सामने जमकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान आकाश तिवारी ने कहा कि पी.एम. आवास आम जनता से जुड़ा सीधा मुद्दा है। कितने ही गरीब परिवारों ने कर्ज लेकर या गहना गिरवी रखकर प्रधानमंत्री आवास योजना की तरफ कदम बढ़ाए। ऐसे पात्र 800 हितग्राही हैं जिनके आवेदन पी.एम. आवास निर्माण के लिए लगे हैं, फिर भी इन्हें पैसा नहीं मिल पा रहा है। ट्रिपल इंजन वाली सरकार सोई पड़ी है। तिवारी ने बताया कि पूर्व में अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि प्रधानमंत्री आवास योजना का पैसा हितग्राहियों के अकाउंट में पहुंच जाएगा, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। आज भी कितने ही लोग किराए के मकान में रहने मजबूर हैं।
प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा एवं सुभाषिनी ऋषि देवांगन डॉ खूबचंद बघेल वार्ड के 40 पीड़ित हितग्राहियों को ले कर प्रदर्शन में हिस्सा लेने नगर निगम पहुंचे थे। आकाश तिवारी ने बताया कि उक्त प्रदर्शन के बाद नगर निगम अपर कमिश्नर विनोद पांडे आश्वस्त किया कि 12 दिसंबर से लेकर 20 दिसंबर तक के समय में पात्र हितग्राहियों के आवास के पैसों को उनके अकाउंट में ट्रांसफर कर दिया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष ने ज्ञापन के साथ 800 लोगों की सूची नगर निगम अधिकारी को सौंपी जिनको पैसा नहीं मिला।
प्रदर्शन में कन्हैया अग्रवाल, पार्षद शेख मुशीर, सत्यनारायण नायक, प्रशांत ठेंगड़ी, दिनेश ठाकुर, सुनीता शर्मा, मुन्ना मिश्रा, विजय ठाकुर, शुभम चंद्राकर समेत बहुत से अन्य कांग्रेस नेता शामिल हुए।

