विधानसभा में सुनील सोनी ने कहा- छत्तीसगढ़ रजत जयंती ही नहीं, स्वर्ण जयंती की अवधारणा को लेकर आगे बढ़ेगा

0 ‘विज़न 2027’ पर चर्चा

मिसाल न्यूज़

रायपुर। विधानसभा के शीतकालीन सत्र के आज पहले दिन छत्तीसगढ़ विज़न 2047 पर चर्चा में भाग लेते हुए भाजपा विधायक सुनील सोनी ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रथम बार जब मोदी जी देश के प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने संकल्प लिया था कि अच्छा और बेहतर कार्य करेंगे। हमारा प्रदेश केवल रजत जयंती ही नहीं बल्कि स्वर्ण जयंती की अवधारणा को लेकर आगे बढ़ेगा। स्वच्छ भारत मिशन योजना तथा अन्य योजनाओं पर निर्णय लेकर विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य रखेंगे।

सुनील सोनी ने कहा कि हर घर शौचालय, हर किसी के लिए आवास, हर घर जल जैसी 210 योजनाएं लाई गईं और उन्हें धरातल पर लाया गया। दुर्भाग्य से प्रदेश में कांग्रेस की 5 वर्षों की सरकार में छत्तीसगढ़ फिर से पीछे की ओर चला गया। जनता ने भाजपा के 15 वर्षों की सरकार की तुलना कांग्रेस के 5 वर्षों की सरकार से की तो भाजपा की सरकार को बेहतर माना। पुनः विश्वास करके छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार को चुना।

सोनी ने कहा कि कोविड कालखण्ड के दौरान भी हमने आत्मनिर्भर भारत की कल्पना को आगे बढ़ाये रखा। प्रधानमंत्री ने प्रतिदिन 18-20 घंटे कड़ा परिश्रम किया और देश ने एक नहीं बल्कि दो-दो कोविड की वैक्सिन तैयार की। हमारे व्दारा 140 देशों को वैक्सिन के रूप में जीवन रक्षा कवच प्रदान किया गया। मेरा मानना है कि छत्तीसगढ़ के विकास के लिये बस्तर और सरगुजा संभाग को पूर्णतः विकसित करना होगा। मोदी जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ 2026 तक नक्सल मुक्त राज्य होगा। बस्तर छत्तीसगढ़ का स्वर्ग है।

सोनी ने कहा कि शिक्षण, स्वास्थ्य, हाउसिंग, पुलिसिंग जैसे सभी विषयों को लेकर हमें आगे बढ़ना होगा मास्टर प्लान ही नहीं बल्कि जोनल प्लान भी बनाना होगा। आज छत्तीसगढ़ के लोग स्वाभिमान से सर उठाकर जी रहे हैं। इसके लिये मैं देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी को धन्यवाद देता हूं, क्योंकि यह राज्य उन्हीं ही देन है। मोदी जी ने देश की आजादी के 100 वर्ष पूर्ण होने पर 100 लाख करोड़ शक्ति मंत्रालय की कार्य योजना पर कार्य करना शुरू कर दिया है जिससे हमारा भारत वर्ष और छत्तीसगढ़ पूर्ण रूप से विकसित एवं आत्मनिर्भर बन सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *