मिसाल न्यूज़
रायपुर। चांगोराभाटा क्षेत्र अंतर्गत भक्त माता कर्मा वार्ड की महिलाएं अपना लिखित शिकायत आवेदन लेकर नगर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी से मिलीं। शिकायत में उन्होंने कहा कि उनके भक्त माता कर्मा वार्ड के श्रीराम नगर में विगत कई वर्षों से एक डेयरी का संचालन हो रहा है, जिसका गोबर रोड और नाली में बहा दिया जाता है। डेयरी के पशुओं को रोड में खुला छोड़ दिया जाता है जिससे भारी गंदगी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतकर्ता महिलाओं ने निगम नेता प्रतिपक्ष को बताया कि डेयरी संचालक की मनमानी के कारण सड़कों पर कीचड़ हो जाता है। सफाई न होने के कारण नालियां जाम हैं। आवागमन में परेशानी हो रही है। बीमारियां फैल रही हैं। बड़े-बड़े सांडों की लड़ाई के कारण गलियों में आवागमन बाधित होता है और दुर्घटना का खतरा बने रहता है। दूसरी ओर क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का अड्डा अलग बनते जा रहा है। नशाखोरी भी बढ़ गई है। दुलारी बाई ने बताया कि उनके बच्चे आसामाजिक तत्वों और पशुओं के कारण स्कूल जाने से डरने लगे हैं। शिकायतों को सुनने के बाद आकाश तिवारी ने जोन क्रमांक 5 के कमिश्नर को तत्काल फोन लगाया और उनके आवेदन पर तत्काल कार्रवाई करने कहा।
शिकायत करने पहुंची महिलाओं में प्रमुख रुप से पायल सन्नू गोस्वामी, सीमा देवांगन, विद्या साहू, जमुना नाग, सुनीता पटेल, पूजा सोनी, कुमुद देवांगन एवं श्रीमती लक्ष्मी साहू शामिल थीं।

