मिसाल न्यूज़
रायपुर। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने आज वीआईपी रोड स्थित उस डबरी व नाले का निरीक्षण किया जिसे पाटा जा रहा है। तिवारी ने पाया कि नाले के साथ वहां की जमीन को भी पाट दिया गया है।
स्थल निरीक्षण के समय कुछ स्थानीय निवासियों ने आकाश तिवारी को बताया कि यहां पर सरकारी डबरी हुआ करती थी जिसका आसपास के लोग उपयोग करते आ रहे थे। डबरी जानवरों के नहाने के उपयोग में भी आया करती थी। डबरी सरकारी जमीन पर थी। बड़ा नाला जो डबरी के साथ बना हुआ था उसे भी पाटकर बंद कर दिया गया। नाले की दिशा को परिवर्तित कर दिया गया है।
निरीक्षण के बाद आकाश तिवारी ने सवाल उठाया कि यह सब क्या हो रहा है? महापौर की इस विषय पर जो उदासीनता बनी हुई है समझ से परे है। क्या ये ट्रिपल इंजन की सरकार की कारगुज़ारी में मिलीभगत का खेल चल रहा है? तिवारी ने कहा कि इतना बड़ा खेल भू माफिया व नगर निगम की मिली भगत के बिना नहीं हो सकता। रातों रात पुराने बड़े नाले की दिशा बदल दी जाती है यह बिना नगर निगम के संरक्षण के संभव नहीं है। तिवारी ने कहा कि इस व्यापक पैमाने में भू माफिया द्वारा किये जा रहे कब्जे की जानकारी मैंने खुद नगर निगम कमिश्नर को दी है। इसके पीछे जो भी दोषी है उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही हो।

