रायपुर। नगर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने आज चिंगरी नाला का निरीक्षण किया व वस्तुस्थिति को समझा। निरीक्षण के बाद तिवारी ने बताया कि चिंगरी नाला का खाली कचरा साफ करवाकर नगर निगम द्वारा केवल खानापूर्ति की जा रही है। चिंगरी नाले की समस्या का स्थाई समाधान नहीं निकाला जा रहा है।
आकाश तिवारी ने बताया कि दिसंबर 2024 को चिंगरी नाले के संबंध में राज्य शासन को डीपीआर तैयार कर प्रताव भेजा गया था। उसके बाद 11 मार्च 2025 को पुनः नगर निगम कमिश्नर द्वारा 11 करोड़ के बने प्रस्ताव की स्वीकृति के लिए पत्र भेजा गया। लेकिन ट्रिपल इंजन की सरकार के रहते महापौर इसकी स्वीकृति क्यों नहीं करवा पा रही हैं? केवल नाले का कचरा बाहर करवाया जा रहा है जो थोड़े दिनों बाद पुनः वैसी स्थिति में आ जाएगा। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने विभागीय सचिव सहित सूडा अधिकारियों एवं नगर निगम कमिश्नर, विधायक एवं महापौर के साथ 1 माह पूर्व सरोना व चंदनीडीह का दौरा किया था। वह दौरा साफ़ पीने के पानी और सफाई व्यवस्था को लेकर था।आज तक उस दौरे का कोई निष्कर्ष नहीं निकला। तिवारी ने कहा कि चिंगरी नाले की दीवाल की ऊंचाई बढ़वाकर डायवर्ट कर स्थायी समाधान करवाना नगर निगम की जिम्मेदारी है।

