मिसाल न्यूज़
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संस्था का एक प्रतिनिधि मंडल आज कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने अपनी बात रखते हुए कहा कि राजधानी रायपुर स्थित शहीद स्मारक भवन समिति के कलेक्टर पदेन अध्यक्ष होते हैं। अनुरोध है कि समिति में सेनानी परिवार के 6 परिजनों को सदस्य के रूप में शामिल किया जाए। साथ ही समय-समय पर समिति की बैठक भी आहूत की जाए।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संस्था के कार्यवाहक अध्यक्ष मुरली मनोहर खंडेलवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर को एक मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में कहा गया कि शहीद स्मारक भवन निर्माण समिति की पूर्व संरचना अनुसार कलेक्टर पदेन अध्यक्ष तथा नगर निगम कमिश्नर पदेन सचिव हैं। वहीं नगर निगम कार्यपालन अभियंता भवन प्रभारी हैं। पूर्व में समिति में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सदस्य के रुप में नामजद हुआ करते थे। वर्तमान में रायपुर जिला अंतर्गत कोई भी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जीवित नहीं हैं। ऐसी परिस्थिति में संस्था का आग्रह है कि शहीद स्मारक भवन समिति में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के 6 परिजनों को समिति में सदस्य के रूप में सम्मिलित किया जाए। प्रत्येक 3 माह में शहीद स्मारक भवन की संयुक्त समिति की बैठक रखी जाए, जिसमें नगर निगम कमिश्नर एवं भवन के वर्तमान प्रभारी जोन कमिश्नर (जोन 2) एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संस्था के 6 प्रतिनिधियों को आवश्यक रूप से शामिल किया जाए। मांग पत्र में आगे कहा गया कि पूर्व में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को कलेक्टोरेट से परिचय पत्र प्रदान किया जाता रहा था। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के सदस्यों को भी परिचय पत्र आपके कार्यालय स्तर पर प्रदान किया जाए।

मांग पत्र सौंपने पहुंचे लोगों में श्रीमती बबीता नत्थानी, राजेन्द्र उमाठे, अजय जैन, अजय सोनी, पी.आर. अहीर, मुकेश बाबरिया, चंद्रकांत पांडे एवं अनिरुद्ध दुबे शामिल थे।

