मिसाल न्यूज़
रायपुर। छत्तीसगढ़ी सिनेमा में एक बार फिर तारीख का टकराव होने जा रहा है। ‘आटा चक्की’ व ‘मोर महादेव’ इन दोनों ही फिल्मों का प्रदर्शन 13 फरवरी को होने जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि प्रोड्यूसर अलक राय ने अपनी फ़िल्म ‘आटा चक्की’ के प्रदर्शन की तारीख 13 फरवरी की घोषणा विगत अक्टूबर माह में ही कर दी थी। सोशल मीडिया में भी काफी पहले ऐलान हो चुका था कि ‘आटा चक्की’ 13 फरवरी को रिलीज होने जा रही है। जनवरी महीने के आखरी सप्ताह में अचानक सुनने में आया कि 13 फरवरी को ही एक और धार्मिक छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘मोर महादेव’ का प्रदर्शन होने जा रहा है। अब तक यही देखने में आते रहा है कि जिस किसी हफ्ते में दो छत्तीसगढ़ी फिल्म एक साथ लगी दोनों के ही बिजनेस पर असर पड़ा। सतीश जैन व मनोज वर्मा जैसे जाने-माने निर्देशक तथा रॉकी दासवानी जैसे प्रोड्यूसर हमेशा से एक हफ्ते में किसी एक ही छत्तीसगढ़ फिल्म के प्रदर्शन के पक्ष में रहते आए हैं, ताकि दर्शक न बंटें और हर किसी प्रोड्यूसर व डायरेक्टर की फिल्म के लिए ठीक-ठाक कलेक्शन की संभावना बनी रहे।


