ग्रीष्मकाल में पानी संकट से निपटने की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने जोन 9 में बैठक… अवैध प्लाटिंग व निर्माण कैसे रोका जाए पर भी हुई बात…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। नगर निगम के जोन क्रमांक 9 की एक विस्तृत समीक्षा बैठक आज जोन कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी ग्रीष्मकाल को दृष्टिगत रखते हुए जोन अंतर्गत समस्त वार्डों में संभावित पेयजल संकट से निपटने हेतु पूर्व तैयारी सुनिश्चित करना रहा। बैठक की अध्यक्षता जोन 9 अध्यक्ष गोपेश साहू ने की।

बैठक में वार्डवार समीक्षा करते हुए जोन 9 में आने वाले वार्डों के पार्षदों ने वर्तमान जल आपूर्ति की स्थिति, बोर खनन, टैंकर व्यवस्था, पाइप लाइन से संबंधित समस्याओं तथा नागरिकों की शिकायतों की जानकारी दी। इस पर विचार-विमर्श करते हुए गर्मी के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए वैकल्पिक जल व्यवस्था, नियमित निगरानी एवं त्वरित समाधान की रूपरेखा तैयार की गई।

जोन अध्यक्ष गोपेश साहू ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव हेतु फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव को नियमित रूप से कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जोन क्षेत्र में हो रही अवैध प्लाटिंग एवं अवैध निर्माण पर कड़ी कार्रवाई, वार्डों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट की स्थिति, तालाबों एवं जल स्रोतों की नियमित सफाई जैसे महत्वपूर्ण विषयों की भी समीक्षा की गई। नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

बैठक में एमआईसी सदस्य खेम सेन, पार्षदगण श्रीमती रेणु जयंत साहू, मोहन साहू, श्रीमती प्रभा मनोज विश्वकर्मा, श्रीमती सावित्री भारत धीवर, जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *