मिसाल न्यूज़
रायपुर। सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, महापौर मीनल चौबे एवं सभापति सूर्यकांत राठौड़ की मौजूदगी में आज कुशालपुर में 1 करोड़ 10 लाख के नये विविध विकास कार्यों का भूमि पूजन हुआ। साथ ही प्रोफेसर कालोनी सेक्टर 3 में आरसीसी नाला निर्माण मरम्मत कार्य तथा गली नंबर 15 मेन रोड मुख्य मार्ग में नाली, पुलिया, सीसी रोड मरम्मत कार्य को शीघ्र मूर्त देने की मंच से घोषणा हुई। होने जा रहे करोड़ के काम पर कुछ ऐसा उल्लास नजर आया कि बृजमोहन अग्रवाल, सुनील सोनी एवं श्रीमती मीनल चौबे ने मंच से जमकर एक दूसरे की तारीफों के पुल बांधे।

वामन राव लाखे वार्ड के कुशालपुर में अतिथियों ने श्रीफल फोड़कर एवं कुदाल चलाकर भूमि पूजन करते हुए नागरिकों को अनुपम सौगात दी। वामनराव लाखे वार्ड के ही प्रोफेसर कालोनी सेक्टर 3 में आरसीसी नाला निर्माण मरम्मत एवं कव्हर करने का कार्य अधोसंरचना मद अंतर्गत 48 लाख रू. और प्रोफेसर कालोनी सेक्टर 3 गली नंबर 15 मुख्य मार्ग में नाली पुलिया सीसी रोड मरम्मत निर्माण कार्य 21 लाख 11 हजार में शीघ्र मूर्त रूप लेंगे। यह दोनों कार्य अधोसंरचना मद की स्वीकृति अंतर्गत कराये जायेंगे। सामान्य मद में वार्ड 66 में बाजार चौक हमर क्लीनिक के पास बाउंड्रीवाल व शेड निर्माण कार्य 8 लाख 2 हजार रू. में, रायपुर दक्षिण विधायक निधि से वार्ड 66 अंतर्गत शासकीय मीडिल स्कूल कुशालपुर में निर्माण कार्य 9 लाख 80 हजार में, चबूतरा निर्माण कांकीटिंग मलसाय तालाब के पास 3 लाख में, मां दंतेश्वरी प्राचीन आखाडा कुशालपुर दंतेश्वरी चौक में व्यायाम उपकरण कुश्ती नेट मेट कव्हर कार्य 5 लाख में, शासकीय हाई स्कूल कुशालपुर में शेड निर्माण 5 लाख 95 हजार में, गायत्री प्रज्ञा मंडल मंदिर के पास आदिवासी कालोनी में भवन निर्माण कार्य 9 लाख 80 हजार रू. में शीघ्र करवाये जायेंगे।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मंच से सांसद निधि मद से वार्ड क्षेत्र में बच्चों को कम्प्यूटर शिक्षा देने एवं महिलाओं को सिलाई, कढाई प्रशिक्षण देने भवन निर्मित करने स्वेच्छानुदान मद से 10 लाख रू. देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह महापौर श्रीमती मीनल चौबे के कार्यकाल का पहला वर्ष है। इसमें एकमुश्त 1 करोड़ 10 लाख के नये विकास कार्य एक साथ कुशालपुर में प्रारंभ करवाये गये हैं। 5 वर्ष में और अनेक नये विकास कार्य करवाये जायेंगे, जिसमें महापौर की अहम् भूमिका होगी। यह क्षेत्र रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है और यहां के विधायक सुनील सोनी विकास कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में विकास कार्य धनाभाव के कारण कार्य नहीं हो पा रहे थे। अब प्रदेश और निगम की सरकार के रहते में विकास कार्यों में जबरदस्त तेजी आई है।
रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने कहा कि जनता ने समर्थन देकर हम सबको जनप्रतिनिधि निर्वाचित किया है। अब हम सब जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि इस वार्ड सहित पूरे शहर को विकसित करें। रायपुर दक्षिण क्षेत्र सहित समूचे राजधानी रायपुर के विकास की तकदीर और तस्वीर बदलने का कार्य बृजमोहन अग्रवाल और महापौर श्रीमती मीनल चौबे के साथ संयुक्त प्रयासों से हो रहा है। इनके प्रयासों से आगे और भी जनसमस्याओं के निराकरण होंगे। अब यहां अगले वर्ष जल भराव की समस्या नहीं आयेगी। हम अपने दायित्वों को पूर्ण करके दिखलायेंगे।
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि बारिश में प्रोफेसर कालोनी एवं कुशालपुर में जलभराव की व्यापक समस्या आयी थी। यहां मैंने निरीक्षण किया था। समस्या की प्रत्यक्ष गवाह बनी थी। लोगो के घरों में गंदा पानी कीड़े, सांप तक अंदर निकल रहे थे। यहां के स्थानीय निवासियों के सहयोग से योजना बनाकर राशि स्वीकृत करवाकर नाला निर्माण का कार्य करवा जा रहा है। यह सांसद बृजमोहन अग्रवाल एवं विधायक सुनील सोनी के साथ मिलकर किये गये प्रयासों के कारण संभव हो पाया है। इसके लिए यहां के निवासी बधाई के पात्र हैं। उन्हें आने वाले वर्ष में जलभराव की समस्या से मुक्ति मिल जायेगी। महापौर ने कहा कि इस कार्य हेतु वार्ड पार्षद कृष्णा सोनकर का सतत् निरंतर प्रयास जनहित में वाकई सराहनीय रहा है।
वार्ड पार्षद कृष्णा सोनकर ने जलभराव की समस्या वामनराव लाखे वार्ड से दूर करने नया नाला बनवाने कार्य प्रारंभ करवाने वार्डवासियों की ओर से मंच से रायपुर सांसद, रायपुर दक्षिण विधायक एवं महापौर को धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम में एमआईसीगण मनोज वर्मा व दीपक जायसवाल, जोन 4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, जोन 5 अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल एवं जोन 10 अध्यक्ष सचिन बी मेघानी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन आकांक्षा दुबे ने किया।

