बजट भाषण में वित्त मंत्री चौधरी ने कहा- राजधानी रायपुर में शारदा चौक से तात्यापारा के बीच बनेगा फ्लाईओवर…

0 ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम मिलकर करेंगे काम

मिसाल न्यूज़

रायपुर। विधानसभा में आज वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने छत्तीसगढ़ सरकार का 2026-27 का अनुमानित बजट पेश करते हुए अपने भाषण में राजधानी रायपुर का कई बार उल्लेख किया। अपने भाषण में चौधरी ने कहा कि रायपुर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम मिलकर कार्य करेंगे। इसके लिए अतिरिक्त फंड प्रदाय किया जाएगा। शारदा चौक से तात्यापारा चौक के बीच फ्लाईओवर बनेगा, जिसके लिए 10 करोड़ का प्रावधान रखा गया है।

चौधरी ने अपने बजट भाषण में कहा कि रायपुर राजधानी होने के साथ-साथ आर्थिक, सांस्कृतिक शैक्षणिक तथा प्रशासनिक गतिविधियों का भी केन्द्र बिंदू है, जिसके कारण यहां ट्रैफिक व्यवस्था एक स्वाभाविक चुनौती है। इस चुनौती से निपटने के लिए हम रायपुर के लिए विशेष राजधानी पैकेज लाए हैं। महत्वपूर्ण मार्गों को नया स्वरूप देने मोवा से सेरीखेड़ी 100 करोड़, लाभांडी से सड्डू 100 करोड़, भनपुरी चौक फ्लाईओवर 20 करोड़, मोवा से दलदल सिवनी ब्रिज तक सड़क 8 करोड़, वीआईपी रोड पर श्रीराम मंदिर के पास फुट ओवरब्रिज के लिए 7 करोड़ तथा अशोका रतन से कोया कचना में वृहद पुल निर्माण हेतु 8 करोड़ का प्रावधान रखा गया है। साथ ही रायपुर शहर में विद्युत लाईनों को अंडरग्राउंड किये जाने के लिए 100 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

चौधरी ने कहा कि  नगरीय निकायों में होने वाला विकास भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जाना आवश्यक है, जिससे कि हमारे शहर नियोजित एवं व्यवस्थित हो सकें। पिछले बजट में नगर निगमों में विकास के लिए हमने मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना प्रारंभ की थी। इस बजट में नगरपालिकाओं एवं नगर पंचायतों के समग्र विकास के लिए नगरोत्थान योजना की तर्ज पर, एक नई योजना मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना प्रस्तावित है, जिसके लिए 200 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त समस्त नगरीय निकायों में अधोसंरचना विकास के लिए 750 करोड, नगरोत्थान योजना के लिए 450 करोड़, प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 हेतु 800 करोड़ तथा मिशन अमृत योजना अंतर्गत 512 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

चौधरी ने कहा कि रामनगर, रायपुर तथा कुण्डा कबीरधाम के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उन्नयन तथा भवन निर्माण होगा। 200 बिस्तर मातृ-शिशु अस्पताल कालीबाड़ी रायपुर एवं 200 बिस्तर जिला अस्पताल चिरमिरी के लिए सेटअप एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट मेकाहारा, रायपुर में उपकरण, बिस्तर एवं अन्य सुविधाओं के विस्तार तथा AI के उपयोग से उपचार इत्यादि के लिए 10 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

नवा रायपुर अटल नगर आधुनिक अधोसंरचना, नागरिक सेवा तथा इन्वेस्टर फ्रेंडली शहर होने के कारण देश में तेजी से उभर रहा है। नवा रायपुर में आज मेडिसिटी, एडुसिटी, स्पोर्ट्स सिटी, फिल्मसिटी जैसे कॉन्सेप्ट के कारण यहां शासकीय निवेश के साथ-साथ निजी निवेश भी आ रहे हैं, जिसमें AI डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर विनिर्माण इकाई जैसे आधुनिक तकनीक संबंधी निवेश के साथ-साथ बॉम्बे हॉस्पिटल तथा नरसी मॉजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज जैसे प्रतिष्ठित संस्थान भी शामिल हैं। नवा रायपुर की अधोसंरचना को और मजबूत करने के लिए ऑप्टिकल फाईबर केबल सुविधा हेतु 10 करोड़, विद्युत अधोसंरचना हेतु 35 करोड़, IIIT में अधोसंरचना विकास हेतु 20 करोड़ एवं सत्य साई संजीवनी अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं हेतु अधोसंरचना विस्तार हेतु 25 करोड़ का प्रावधान इस बजट में है।

स्टेट कैपिटल रीजन

के लिए 68 करोड़

चौधरी ने कहा कि हमने अपने संकल्प पत्र में तथा पिछले बजट भाषण में स्टेट कैपिटल रीजन बनाने की घोषणा की थी, जिसे पूरा किया गया है। बढ़ती हुई आबादी एवं शहरीकरण के कारण आवश्यकता है कि हमारी प्लानिंग वृहद स्तर पर हो, जहां न केवल रायपुर बल्कि इसके आसपास के क्षेत्रों को भी शामिल कर, इकोनॉमिक मास्टर प्लान बने। हमारे राज्य राजधानी क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के साथ-साथ पूरे मध्य भारत का फुटप्रिंट होगा, इसलिए SCR में क्षेत्रीय स्तर की परियोजनाओं की प्लानिंग एवं क्रियान्वयन करने के लिए बजट में 68 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

मेट्रो रेल पर बढ़ेंगे आगे

चौधरी ने कहा कि हमने पिछले बजट में SCR में मेट्रो रेल परियोजना की बात की थी, जिसके संबंध में मैं अवगत कराना चाहूँगा कि हमने सर्वे के लिए एजेंसी का निर्धारण कर लिया है तथा मेट्रो रेल परियोजना के काम को आगे बढ़ाने के लिए बजटीय प्रावधान भी किया गया है।

वित्त मंत्री ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों तथा चौक-चौराहों में सोलर हाईमास्ट की स्थापना के लिए 35 करोड़ का प्रावधान है। क्रेडा के कार्य विस्तार को देखते हुए नए भवन के निर्माण के लिए 10 करोड़ का प्रावधान है। घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत देने के लिए 800 करोड़ का प्रावधान है। बीपीएल उपभोक्ताओं को निःशुल्क बिजली देने हेतु 354 करोड़ का प्रावधान रखा गया है।

ग्राम तूता नवा रायपुर अटल नगर में कन्वेंशन सह एक्जिबिशन सेंटर के निर्माण हेतु 25 करोड़, भिलाई में व्यावसायिक परिसर के निर्माण हेतु 10 करोड़, पटेवा, राजनांदगांव में Electronic Manufacturing Cluster 2.0 के लिए 10 करोड़, नवा रायपुर अटल नगर तथा राजनांदगांव में इण्डस्ट्रियल फैसिलीटेशन कॉम्पलेक्स के लिए 20 करोड़ का प्रावधान किया गया है। पिछले बजट में हमने छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कामर्स के भवन के लिए प्रावधान किया था तथा इस बजट मे बस्तर चेंबर ऑफ कामर्स के भवन के लिए प्रावधान किया गया है।

रायपुर में मेगा

परीक्षा केन्द्र

उन्होंने कहा कि रायपुर प्रदेश का सबसे बड़ा परीक्षा केन्द्र है, जहां लगातार प्रतियोगी परीक्षाएं होती रहती हैं, जिसमें प्रदेश के अतिरिक्त मध्यप्रदेश, उड़ीसा एवं महाराष्ट्र से भी अभ्यर्थी यहां आते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए रायपुर में एक मेगा परीक्षा केन्द्र स्थापित करने के लिए 25 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इससे राज्य को प्रतियोगी परीक्षाएँ करवाने में सहूलियत होगी तथा छात्रों को भी इसका लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि राज्य के विश्वविद्यालयों को अनुदान राशि दिये जाने के लिए 731 करोड़ का प्रावधान किया गया है, जिसमें इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय को 250 करोड़, पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय को 40 करोड़, इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय को 16 करोड़, स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय को 50 करोड़ सम्मिलित है।

नवा रायपुर में प्रवासी मजदूर

आवासीय परिसर का निर्माण

चौधरी ने कहा कि रायपुर एवं इसके आस पास के क्षेत्रों में तीव्रता के साथ औद्योगिकीकरण हो रहा है। जहां काम करने के लिए प्रवासी श्रमिक अन्य जिलों एवं विभिन्न क्षेत्रों से आते हैं, जिनके पास रहने की कोई आवासीय सुविधा नहीं होती है, इनकी सुविधा के लिए नवा रायपुर में प्रवासी मजदूर आवासीय परिसर का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए बजट में प्रावधान किया गया है।

यूनिटी मॉल बनेगा

चौधरी ने कहा कि हस्तशिल्प हमारे राज्य में न केवल कला, संस्कृति एवं कौशल का संगम है, बल्कि आजीविका के क्षेत्र में भी हस्तशिल्प का व्यापक प्रभाव है। ढोकरा आर्ट हो, बांस कला हो या फिर माटी कला, हमारी सरकार ने प्रत्येक बजट में अधोसंरचना को विशेष स्थान दिया है। छत्तीसगढ़ में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए आज लगभग 47 हजार करोड़ के कार्य हो रहे हैं, जो 2013-14 की तुलना में लगभग 24 गुना अधिक है। यह डबल इंजन की सरकार के कारण संभव हो पा रहा है। हस्तशिल्पियों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मेलों, प्रदर्शनियों में भाग लेने के लिए वित्तीय सहयोग के लिए बजट में प्रावधान किया गया है। प्रधानमंत्री की पहल से रायपुर में यूनिटी मॉल का निर्माण हो रहा है। जिससे हस्तशिल्पियों के द्वारा निर्मित प्रोडक्ट्स को आधुनिक प्लेटफार्म मिलेगा, इसके लिए 93 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

बनेगी फिल्म सिटी, डे

भवन होगा संरक्षित

चौधरी ने कहा कि पर्यटन विभाग के द्वारा 350 करोड़ की लागत से चित्रोत्पला फिल्म सिटी तथा ट्रायबल एवं कल्चरल कन्वेन्शन सेंटर विकसित की जा रही है। रायपुर प्रवास के दौरान स्वामी विवेकानंद जी के निवास स्थल (डे-भवन) को राष्ट्रीय स्मारक के रूप में विकसित कर, इसका संरक्षण करने के लिए 5 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

हर वर्ष साहित्य उत्सव

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, साहित्य एवं लेखनी से विश्व को अवगत कराने के लिए हमारे द्वारा रायपुर साहित्य उत्सव मनाया गया तथा इसकी सफलता और स्वीकार्यता को देखते हुए, इसे प्रतिवर्ष करने का निर्णय लिया गया है, जिसके लिए बजट में प्रावधान किया गया है। छत्तीसगढ़िया अप्रवासी भारतीय जो विदेशों में जाकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर रहे हैं, उनके लिए प्रतिवर्ष NRI सम्मेलन कराने का निर्णय लिया गया है। इस प्रयोजन के लिए भी बजटीय प्रावधान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *