विधानसभा में जमकर बोले मूणत- मुख्यमंत्री से लेकर सारे मंत्रियों को पिलाया जा रहा गंदा पानी…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। विधानसभा में आज पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक राजेश मूणत के पास अपनी बात रखने कुछ ही मिनटों का समय था और इस बीच उन्होंने राजधानी रायपुर की जीवनदायिनी खारुन नदी में नाले का गंदा पानी जाकर मिलने के विषय को काफी आक्रामक अंदाज में उठाया। मूणत यह बोलने से नहीं चूके कि मुख्यमंत्री से लेकर सारे अन्य मंत्रियों को गंदा पानी पिलाया जा रहा है।

प्रश्नकाल में राजेश मूणत का सवाल था कि क्या यह सत्य है खारून नदी के पास 81 करोड़ 88 लाख रुपये व्यय कर 75 एम.एल.डी. क्षमता के घरेलू दूषित जल उपचार संयंत्र (एस.टी.पी.) के पूर्ण रूप से क्रियाशील होने के बाद भी चिंगरी तथा पीहर नाले से आ रहा गंदा पानी नदी के निर्मल जल को प्रदूषित कर रहा है? यदि हां तो इसे रोकने के लिए क्या उपाय किये गए? चिंगरी तथा पीहर नाले से आ रहे गंदे तथा दूषित पानी को नदी में जाने से रोकने के लिए रायपुर नगर निगम द्वारा 11 करोड़ की कार्य योजना नगरीय प्रशासन विकास विभाग को पिछले 1 वर्षों से भेजे जाने के बाद भी क्या स्वीकृति हेतु लंबित है? यदि हां तो क्यों तथा स्वीकृति कब तक दी जावेगी?

उप मुख्यमंत्री (नगरीय प्रशासन) अरूण साव की ओर से जवाब आया कि खारून नदी के पास 81 करोड़ 88 लाख रुपये व्यय कर 75 एम.एल.डी. क्षमता के घरेलू दूषित जल उपचार संयंत्र (एस.टी.पी.) का निर्माण किया गया है, जो कि पूर्ण रूप से क्रियाशील है। चिंगरी नाला का दूषित जल नाले में बनाये गये पिकअप वियर से ओवर फ्लो होकर नदी में प्रवाहित हो जाता है। चिंगरी नाला का लाईनिंग तथा अप्रोच मार्ग नहीं होने से शिल्ट सफाई की समस्या, विपर की कम ऊंचाई तथा वृहद मात्रा में प्लास्टिक सॉलिड वेस्ट प्रवाहित होकर पिकअप वियर के मुहाने को बाधित करने से ओवर फ्लो की स्थिति निर्मित हो रही है। इस हेतु मुख्य अभियंता, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की अध्यक्षता में समिति का गठन कर प्रस्ताव का परीक्षण किया जा रहा है। चिंगरी तथा पीहर नाले से आ रहे गंदे तथा दूषित पानी को नदी में जाने से रोकने के लिए रायपुर नगर निगम द्वारा रूपये 11 करोड़ की कार्य योजना तैयार की गयी है। उक्त प्रस्ताव के परीक्षण हेतु मुख्य अभियंता, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा स्थल निरीक्षण उपरांत प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुक्रम में रायपुर नगर निगम से संशोधित प्रस्ताव प्राप्त होने के उपरांत आगामी कार्यवाही की जावेगी।

प्रश्नकाल समाप्त होने को जब दो से तीन मिनट ही बचा था बिना कोई अवसर गंवाए राजेश मूणत ने कहा कि मुख्यमंत्री से लेकर सारे अन्य मंत्री राजधानी रायपुर में बसते हैं। सारे लोगों को गंदा पानी पिलाया जा रहा है। मैं खुद रायपुर नगर निगम कमिश्नर तथा अन्य अफसरों के साथ शहर से 8 किलोमीटर की दूरी पर उस जगह पर गया था जहां खारुन नदी में नाले का गंदा पानी जाकर मिल रहा है।

मंत्री साव ने कहा कि इसके समाधान के लिए 3 महीने पहले एक कमेटी बनाई है। मूणत ने कहा कि वह कमेटी कुछ नहीं कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *