मिसाल न्यूज़
रायपुर। डोंगरगढ़ में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक भवन का निर्माण कार्य अतिक्रमण के कारण शुरु नहीं हो पाने का मामला आज विधानसभा में गूंजा। कांग्रेस विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने आरोप लगाया कि किसी खास आदमी को फायदा पहुंचाने बैंक किराये के भवन में चलने दिया जा रहा है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सवाल उठाया कि बाकी जगह पर बुलडोजर चलवा रहे हैं तो उस जगह पर क्यों नहीं चलवा रहे जहां अतिक्रमण के कारण बैंक भवन का निर्माण कार्य रुका पड़ा है? इस पर मंत्री केदार कश्यप की ओर से आए जवाबों का विरोध करते हुए सारे विपक्षी विधायक नारेबाजी करते हुए सदन से वाक आउट कर गए।
प्रश्नकाल में कांग्रेस विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल का सवाल था कि क्या जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा डोंगरगढ़ के प्रस्ताव के आधार पर पंजीयक, सहकारी संस्थाएं व्दारा 24 अगस्त 2023 को भवन निर्माण की अनुमति दी गई? यदि हां तो कितनी राशि स्वीकृत की गई? क्या इस संबंध में पूर्व विधानसभा प्रश्न के उत्तर में भूमि पर अतिक्रमण होना बताया गया था? यदि हां तो क्या उक्त भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया गया? यदि नहीं तो कब तक अतिक्रमण मुक्त कराकर भवन निर्माण कराया जावेगा? क्या वर्तमान में बैंक किराया के भवन में संचालित किया जा रहा है? यदि हां तो मासिक किराया कितना है?
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप की ओर से जवाब आया कि भवन निर्माण हेतु 39 लाख स्वीकृत किए गए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव व्दारा वर्तमान में उक्त भूमि पर अतिक्रमण होने के कारण शाखा भवन निर्माण हेतु अन्यत्र भूमि आबंटित करने हेतु राजनांदगांव कलेक्टर को कहा गया है। भूमि आबंटन होने पर भवन निर्माण कार्य कराया जायेगा। भवन का मासिक किराया 19 हजार 400 रुपये है।
श्रीमती हर्षिता बघेल ने कहा कि इस जवाब से संतुष्ट नहीं हूं। सवाल यह कि अतिक्रमण क्यों नहीं हटाया गया? मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि अतिक्रमण पर पत्राचार जारी है। पार्किंग की व्यवस्था नहीं हो पा रही थी। हर्षिता बघेल ने कहा कि भवन निर्माण हेतु राशि जारी हुई। टेंडर लगा। वर्क ऑर्डर जारी हुआ। भूमि पूजन भी हुआ। क्या अतिक्रमण को बरकरार रहने देते हुए किसानों का बैंक नहीं बनने देना चाह रहे हैं? मंत्री ने कहा कि 2023 की स्वीकृति है। पार्किंग व अन्य सुविधाओं की स्थिति नहीं बन पा रही है। कलेक्टर से चर्चा कर दूसरी जगह देख रहे हैं। श्रीमती बघेल ने आरोप लगाया कि किसी खास आदमी को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बैंक को किराये के घर पर चलने दिया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूछा कि जहां निर्माण होना है वह जगह कुल कितनी है, पार्किंग कितने में बनना है और अतिक्रमण कितनी जगह पर हुआ है? मंत्री की ओर से जवाब आया कि कुल जगह 22 हजार वर्ग फुट है। पार्किंग के लिए 3 हजार वर्ग फुट रखा जाना है। भूपेश बघेल ने कहा कि 3 साल हो गए। कब तक अतिक्रमण हटाएंगे? मंत्री लखनलाल देवांगन ने इसी सदन में कहा था कि कलेक्टर को आदेश नहीं दे सकते। क्या आप भी ऐसा मानते हैं? क्या यहां के अतिक्रमण पर बुलडोजर नहीं चलवाएंगे? मंत्री ने कहा कि अतिक्रमण हटाने की तारीख सुनिश्चित नहीं है। मंत्री के इस जवाब पर विरोध दर्ज कराते हुए सभी कांग्रेस विधायक नारेबाजी करते हुए सदन से वाक आउट कर गए।

