बृजमोहन ने ली बैठकः तात्यापारा-शारदा चौक सड़क चौड़ीकरण के लिए मुआवजे और कार्यवाही की रिपोर्ट तत्काल शासन को भेजने निर्देश

मिसाल न्यूज़

रायपुर। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने आज रायपुर शहर की जटिल यातायात समस्याओं के निराकरण और विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा हेतु एक उच्च स्तरीय बैठक ली। बैठक में सरोना-टाटीबंध से जोरा तक रिंग रोड के सर्विस रोड, शारदा चौक से तात्यापारा चौक तक सड़क चौड़ीकरण, जोरा-कचना -पिरदा रोड, जोरा-कचना- मोवा रोड, शदाणी दरबार देवपुरी सहित 5 ग्रेट सेपरेटर, शंकर नगर में रोड चौड़ीकरण, शंकर नगर चौक से टर्निंग पॉइंट सड़क चौड़ीकरण सहित रायपुर शहर के विभिन्न यातायात समस्याओं सहित विकास कार्यों की समीक्षा की।

बृजमोहन अग्रवाल ने टाटीबंध-सरोना से जोरा तक रिंग रोड की सर्विस लाइन के चौड़ीकरण का कार्य एक माह के भीतर अनिवार्य रूप से शुरू करने के निर्देश दिये। उन्होंने NHAI को एक सप्ताह के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करने तथा CSEB को चार चरणों में बिजली खंभों और ट्रांसफार्मर की शिफ्टिंग तत्काल शुरू करने को कहा। साथ ही नगर निगम और यातायात पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सर्विस रोड पर हुए अवैध कब्जों और अनियंत्रित पार्किंग को तत्काल हटाया जाए। मीटिंग में सीएसपीडीसीएल अधिकारियों को भी निर्देश दिया गया कि जोरा से लेकर भाठागांव चौक तक विद्युत खंभे व ट्रांसफार्मर को तत्काल हटाना प्रारंभ करें एवं भाठागांव से सरोना तक पूर्व में बनाए गए एस्टीमेट को संशोधित कर तत्काल विभाग में एस्टीमेट प्रस्तुत करें। केंद्र से कार्य के लिए सांसद के प्रयासों से 100 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं।

शारदा चौक-तात्यापारा मार्ग 

चौड़ीकरण पर रिपोर्ट तैयार करें

बृजमोहन अग्रवाल ने दशकों पुरानी तात्यापारा सड़क चौड़ीकरण की समस्या पर चर्चा करते हुए नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री द्वारा बैठक में दिए गए निर्देश और लिए गए निर्णय के अनुसार सड़क चौड़ीकरण के लिए मुआवजा एवं अन्य प्रकरणों पर तत्काल एक रिपोर्ट तैयार कर स्वीकृति हेतु शासन को प्रेषित करें। पूर्व में मुख्यमंत्री द्वारा कलेक्टर की अध्यक्षता में इस विषय पर कार्रवाई के लिए कलेक्टर अधिकृत किया गया था।

एक्सप्रेस-वे फेज-2 व

ओवरब्रिज पर चर्चा

बैठक में MR 41 एक्सप्रेस-वे फेज-2 (लाभांडी से कचना होते हुए मोवा) के निर्माण में गति लाने के लिए टाउन एंड कंट्री प्लानिंग और निगम के अधिकारियों को समन्वय के साथ काम करने को कहा गया। अग्रवाल ने निर्माणाधीन कोल्हान नाला पुल, महानदी पुल (टीला-हथखोज मार्ग), कचना-खम्हारडीह रेलवे ओवरब्रिज और शहर के मुख्य मार्गों पर प्रस्तावित फुट ओवरब्रिज के कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया। बैठक में NHAI के द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों को लेकर भी चर्चा हुई एवं निर्माण कार्यों में गति लाने का निर्देश दिया गया लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बजटीय 92 निर्माण कार्यों में गति लाने का निर्देश दिया गया एवं प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक में NHAI प्रोजेक्ट डायरेक्टर दिग्विजय सिंह, नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप, डीसीपी यातायात विवेक शुक्ला, सीएसपीडीसीएल एसई एम. विश्वकर्मा, सीई पीडब्ल्यूडी पी एम कश्यप, राजीव नशीने, विशाल त्रिवेदी एवं शंभू गुप्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *