भीषण जल संकट- पीएम आवास कॉलोनी के लोगों ने आकाश तिवारी के नेतृत्व में किया जोन 8 का घेराव

मिसाल न्यूज़

रायपुर। प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी दलदलसिवनी के लोगों ने आज नगर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी से मुलाकात कर उन्हें पानी की भयंकर समस्या से अवगत कराया। इसी कड़ी में तिवारी के नेतृत्व में पीड़ितों ने नगर निगम के जोन 8 दफ्तर का घेराव किया।

पीएम आवास कॉलोनी के लोगों ने निगम मुख्यालय पहुंचकर आकाश तिवारी को अवगत कराया कि कॉलोनी में एक ही बोर है। वह भी सूख गया है। रात के दो बजे तक इधर उधर से पानी जुटाते रहना पड़ता है। नगर निगम व्दारा जो टैंकर भेजा जाता है वह अपर्याप्त है। आलम यह है कि लोग काम पर नहीं जा पा रहे हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आकाश तिवारी ने जिम्मेदार अधिकारियों से बात की और कहा कि जब तक बोर में पानी नहीं आ जाता या पानी का स्थाई समाधान नहीं हो पता तब तक टैंकर के फेरे बढ़ाएं।

जोन 8 घेराव के दौरान आकाश तिवारी ने कहा कि महापौर ने अपने आप को बचाने के लिए जल बोर्ड का गठन किया है। जल बोर्ड के अधिकारी धरातल से गायब हैं। कांग्रेस पानी की समस्या को लेकर जोन 3, जोन 5, जोन 8 एवं जोन 9 घेराव कर चुकी है किंतु समस्या जस की तरफ बनी हुई है। कोई स्थाई समाधान नहीं निकल पा रहा है।  जोन 08 के छोटा अशोक नगर गुढ़ियारी क्षेत्र में लोगों के घरों में नल का पानी नहीं आ पा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *