जल संकट पर बैठक… महापौर ने कहा- अब कोई भी नया बल्क कनेक्शन बिना एमआईसी स्वीकृति के कदापि नहीं…

0 बिना जीपीएस के टैंकरों से जलापूर्ति ना की जाये… पानी बेचने की शिकायत मिली तो संबंधित अधिकारी होंगे जिम्मेदार- निगम कमिश्नर

मिसाल न्यूज़

रायपुर। महापौर श्रीमती मीनल चौबे एवं नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप ने आज पेयजल आपूर्ति को लेकर निगम अफसरों की आवश्यक बैठक ली। बैठक में महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अब कोई भी नया बल्क कनेक्शन बिना एमआईसी की स्वीकृति के कदापि नहीं दिया जाये। पेयजल के अपव्यय को अधिकारीगण कड़ाई के साथ रोकें। अवैध नल कनेक्शनों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करें।

महापौर ने सभी जोन कमिश्नरों को अपने अपने जोन क्षेत्र में नगर निगम की संपत्तियों की पुख्ता जानकारी प्राप्त करने के निर्देश दिये ताकि उनसे नगर निगम को अधिकाधिक राजस्व प्राप्त हो सके एवं नगर हित में योजनाएं संचालित की जा सके। महापौर ने अवैध नलों सहित अवैध निर्माणों पर नियमानुसार नोटिस देकर कड़ाई के साथ कार्यवाही करने, गर्मी में पंप लगाकर पानी खींचने वाले लोगों पर कार्यवाही कर पंप जप्त करने के निर्देश दिये। समस्याग्रस्त क्षेत्रों में टैंकरो से पेयजल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिये।

निगम कमिश्नर विश्वदीप ने अधिकारियों को प्रतिदिन नियमित सभी पानी टंकियों में जल का पूर्ण भराव किया जाना सुनिश्चित करने सतत् मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिये। निगम कमिश्नर ने निर्देश दिये कि बिना जीपीएस सिस्टम के कोई भी पानी टैंकर से जलापूर्ति ना की जाये। उन्होंने कहा कि टैंकरों के पानी को बेचने की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी सीधे जिम्मेदार रहेंगे। निगम कमिश्नर ने निर्देश दिये कि जोन कमिश्नर अपने जोनों में विभिन्न निजी आवासीय सोसायटी में रहने वाले लोगो की संख्या और गर्मी में जल हेतु उनकी आवश्यक डिमांड की जानकारी शीघ्र प्राप्त करें ताकि योजना बनाकर सोसायटियों को पेयजल टैंकरो से मॉनिटरिंग कर व्यवहारिक आवश्यकतानुसार पेयजल आपूर्ति करवाने का कार्य किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *