जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण पश्चात् प्राचीन बांके बिहारी मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 14 मई को… रथयात्रा निकलेगी…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। राजधानी रायपुर के प्राचीन श्री बांके बिहारी मंदिर के जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात् प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 14 मई को होने जा रहा है। उल्लेखनीय है कि यह मंदिर करीब 157 वर्ष  पुराना है।

मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल एवं महामंत्री सुरेश चौधरी ने बताया कि सन् 1870 में स्व. बैजू अग्रवाल जी द्वारा स्थापित इस मंदिर से लाखों श्रद्धालुओं की भावनाएं जुड़ी हैं। इसका पुनर्निर्माण राजस्थानी वास्तुकला शैली के अनुरुप हुआ है। मंदिर में भगवान श्री बांके बिहारी जी एवं राधा जी के साथ-साथ भगवान शिव-पार्वती एवं ज्योतिर्लिंग, अष्टभुजा मां दुर्गा, श्री हनुमान जी, माता महालक्ष्मी एवं भगवान श्री अग्रसेन के विग्रह स्थापित किए जाएंगे। भगवान श्री बांके बिहारी जी की लगभग 5 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा तथा अन्य देवी-देवताओं की 3 फीट ऊंची प्रतिमाएं मकराना के सफेद संगमरमर से जयपुर में निर्मित हुई हैं।

14 मई को प्रातः 8 बजे रथयात्रा निकलेगी। 11 बजे प्राण प्रतिष्ठा होगी। 11.30 बजे मूर्ति स्थापना एवं महाआरती होगी। दोपहर 1:30 बजे से भंडारा प्रसादी होगी। मंदिर ट्रस्ट ने सभी श्रद्धालुओं, भक्तजनों एवं धर्मप्रेमियों से आग्रह किया है कि इस दिव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन में सपरिवार उपस्थित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करें तथा इस उत्सव को अपना स्वयं का उत्सव मानकर सहभागी बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *