0 छत्तीसगढ़ से एकमात्र विद्यालय ने किया “Building Sponge City Together” का प्रदर्शन
मिसाल न्यूज़
रायपुर। रायपुर जिले के लिए गर्व की बात है कि पी. जी. उमाठे उत्कृष्ट शासकीय विद्यालय, शांति नगर का चयन प्रतिष्ठित BRICS 2026 School Geospatial Project Showcase के लिए किया गया। छत्तीसगढ़ से चयनित यह एकमात्र विद्यालय है, जिसने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी नवाचारपूर्ण जियोस्पेशियल परियोजना का सफलतापूर्वक प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने समय सीमा की बैठक के पश्चात कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रेड क्रॉस सभा कक्ष में शिक्षिका श्रीमती रीता मंडल, छात्रा वार्तिका पाटिल एवं छात्रा उमेश्वरी साहू को शाल एवं प्रेरणादायी पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया।
डॉ. सिंह ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि हमारे जिले के शासकीय विद्यालयों की छात्राएं देश एवं प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को विज्ञान, नवाचार एवं जियोस्पेशियल शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन 22 जुलाई 2026 को भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान IISER, तिरुपति में आयोजित किया गया थी। इसमें BRICS देशों के प्रतिनिधियों के समक्ष विद्यार्थियों द्वारा तैयार जियोस्पेशियल परियोजनाओं का प्रदर्शन किया गया, जिसकी उपस्थित प्रबुद्धजनों एवं आमजनों ने सराहना की थी।
पी.जी. उमाठे विद्यालय के विद्यार्थियों ने शिक्षिका श्रीमती रीता मंडल के मार्गदर्शन में “Building Sponge City Together” विषय पर अपनी परियोजना प्रस्तुत कर जिले और प्रदेश का मान बढ़ाया। इस प्रोजेक्ट में विद्यालय की छात्रा वार्तिका पाटिल (कक्षा 8) एवं छात्रा उमेश्वरी साहू (कक्षा 7) ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुतीकरण दिया। विद्यार्थियों ने भौगोलिक सूचना प्रणाली GIS, सैटेलाइट इमेजरी, मोबाइल मैपिंग एवं अन्य आधुनिक जियोस्पेशियल तकनीकों का उपयोग करते हुए सतत विकास लक्ष्य SDG-6 “सभी के लिए स्वच्छ जल और स्वच्छता” पर उत्कृष्ट कार्य किया।
यह कार्यक्रम भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग DST तथा भारती विद्यापीठ इंस्टीट्यूट ऑफ एनवायरनमेंट एजुकेशन एंड रिसर्च BVIEER, पुणे के सहयोग से आयोजित किया गया था।
इस अवसर पर नगर निगम कमिश्नर संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, एडीएम उमाशंकर बंदे एवं अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

