मिसाल न्यूज़
रायपुर। पीएम स्वनिधि योजना के लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण हेतु नगर निगम कमिश्नर संबित मिश्रा ने आज बैंकर्स के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक का उद्देश्य योजना अंतर्गत नवीन ऋण आवेदनों एवं प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय ऋण (तीनों ट्रेंच) से संबंधित स्वीकृत तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करना था। इस दौरान डिप्टी कमिश्नर (पीएम स्वनिधि ) डॉ अंजलि शर्मा, मिशन मैनेजर (पीएम स्वनिधि ) सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधिगणों की उपस्थिति रही।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए निगम कमिश्नर संबित मिश्रा ने सभी बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि पात्र पथ विक्रेताओं के लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर समयबद्ध रूप से ऋण स्वीकृति एवं वितरण सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना का लाभ मिल सके। बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय ऋण (थ्री ट्रेंचेज ) के लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण, बैंक एवं निगम के मध्य समन्वय को सुदृढ़ करने तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने पर विशेष बल दिया गया।
रायपुर नगर निगम द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत अब तक तीनों ट्रेंच में कुल 32,656 पथ विक्रेताओं को लाभान्वित किया जा चुका है तथा ₹51.79 करोड़ की ऋण राशि का वितरण किया जा चुका है। योजना के अंतर्गत नए आवेदन कराने के इच्छुक पात्र पथ विक्रेता रायपुर नगर निगम के तृतीय तल कक्ष क्रमांक 411 स्थित पीएम स्वनिधि कार्यालय अथवा अपने निकटतम चॉइस सेंटर में संपर्क कर आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

