नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ 6  व 7 अगस्त को हड़ताल पर… रायपुर नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी एकता संघ ने दिया समर्थन…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ अपनी 2 प्रमुख मांगों को लेकर 6  व 7 अगस्त को हड़ताल पर जा रहा है। रायपुर नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी एकता संघ ने प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ की हड़ताल को समर्थन दिया है।

प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों ने आज रायपुर नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी एकता संघ के अध्यक्ष प्रमोद जाधव से सौजन्य भेंट कर उन्हें मांगपत्र सौंपते हुए आंदोलन के समर्थन का आग्रह किया। जाधव ने प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ की मांगों को न्यायोचित बताते हुए पूर्ण समर्थन व्यक्त किया। जाधव ने कहा कि प्लेसमेंट कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों का शीघ्र निराकरण किया जाना आवश्यक है, जिससे कर्मचारियों को न्याय मिल सके और उनकी सेवाओं का उचित सम्मान सुनिश्चित हो। जाधव ने विष्णु देव साय तथा उपमुख्यमंत्री (नगरीय प्रशासन) अरुण साव से अनुरोध किया है कि प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ की मांगों पर संवेदनशीलतापूर्वक विचार करते हुए शीघ्र निराकरण करें।

प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ की दो प्रमुख मांगें हैं- संचालनालय नगरीय प्रशासन विभाग में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों की भांति नगरीय निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को भी संविदा दर पर वेतन भुगतान किया जाए। नगरीय निकायों में 04 नए श्रम कानून लागू किए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *