तीन साल बाद फिर धमाल मचाएंगे अमलेश और मन… ‘तोर मयारु मोर मयारु’ का ट्रेलर लॉच…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। छत्तीसगढ़ी सिनेमा के स्टार कलाकार कॉमेडी किंग अमलेश नागेश और चॉकलेटी बॉय मन कुरैशी की जोड़ी तीन साल बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने को तैयार हैं। नीलजय फिल्म्स के बैनर तले बनी फ़िल्म ‘तोर मयारु मोर मयारु’ में अमलेश नागेश आधुनिक यूट्यूबर माही के किरदार में नजर आएंगे। वहीं मन कुरैशी भावुक और दिल जीत लेने वाले बैंड मास्टर महिंदर की भूमिका में दिखेंगे। फिल्म का ट्रेलर 22 अगस्त को राजधानी रायपुर के एक सितारा हॉटल में छत्तीसगढ़ फ़िल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन समेत सतीश जैन, मनोज वर्मा, संतोष जैन, योगेश अग्रवाल, मोहन सुंदरानी, लखी सुंदरानी, अनुमोद राजवैद्य, अनुपम वर्मा, अनिरुद्ध दुबे एवं पवन सिंह के जैसी हस्तियों की मौजूदगी में लॉन्च हुआ।

‘तोर मयारु मोर मयारु’ को प्रसिद्ध फिल्म मेकर मनीष मानिकपुरी प्रस्तुत कर रहे हैं। रोमांस और कॉमेडी से भरपूर फिल्म ‘तोर मयारु मोर मयारु’  छतीसगढ़ की माटी की सौंधी महक, यहां के लोगों के निश्छल प्रेम और उनकी हाजिरजवाबी को खूबसूरती से दर्शाती है। लोक गीतों की मिठास और पुरानी परंपराओं को भी रुपहले पर्दे पर उतारा गया है। सोशल मीडिया के जुनून वाली नई पीढ़ी का  स्टाइल फिल्म में देखने को मिलेगा। देसी जुगाड़ और किरदारों के बीच की मीठी नोक-झोंक फिल्म को खास बनाती है।

फिल्म की नायिका इशिका यादव चुलबुली गांव की लड़की तथा काजल सोनबेर शहर की स्मार्ट लड़की ‘गायत्री’ के किरदार में नजर आएंगी। अमलेश,  मन, इशिका व काजल इन चार मुख्य किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती कहानी में हंसी, रोमांस और भावनाओं का खूबसूरत मेल है। फिल्म में सात मनमोहक गीत हैं, जिनके लिए अनुराग शर्मा, अल्का चंद्राकर और अनुपमा निश्रा जैसे सुरीले गायकों ने अपनी आवाज दी है। संगीत नवलदास मानिकपुरी, अनुराग शर्मा और परवेज खान का है।

फिल्म में संजय महानंद, सतीश जैन, उपासना वैष्णव, उर्वशी साहू, रजनीश झांझी, प्रदीप शर्मा, हेमलाल कौशल, अंजलि चौहान और क्रांति दीक्षित जैसे दिग्गज कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

‘तोर मयारु मोर मयारु’ के निर्माता प्रणय गर्ग और को-प्रोड्यूसर निशेष त्रिपाठी हैं। निर्देशन की कमान राहुल प्रताप सिंह ने संभाली है, जबकि सिनेमैटोग्राफी वि‌द्यानाथ भारती की है। पारिवारिक मनोरंजन के तौर पर बनाई गई ‘तोर मयारु मोर मयारु’ में कॉमेडी, रोमांस और भावनाओं का ऐसा संगम है, जो दर्शकों को शुरुआत से अंत तक बांधे रखने का दम रखता है।

ट्रेलर लॉच कार्यक्रम का संचालन आरजे नमित ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *