रायपुर। दीपावली पर छत्तीसगढ़ युवा ‘कैट’ (YUVA CAIT) द्वारा आज जयस्तंभ चौक में 21 हजार मिट्टी के दीयों का वितरण किया गया। इस पहल के माध्यम से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने, स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने तथा भारतीय संस्कृति और परंपराओं को सशक्त बनाने का संदेश दिया गया।
YUVA CAIT छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष कांति पटेल, प्रदेश महामंत्री रतनदीप सिंह एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष भरत भूषण गुप्ता ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्थानीय कुम्हारों एवं मिट्टी के दीये बनाने वाले कारीगरों के परिश्रम को सम्मान देना तथा उनके उत्पादों को प्रोत्साहित कर उन्हें आर्थिक रूप से सहयोग प्रदान करने के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है।
इस अवसर पर कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन अमर पारवानी ने आम नागरिकों एवं समस्त व्यापारियों से अपील की कि वे इस दीपावली पर विदेशी एवं कृत्रिम सजावटी उत्पादों के स्थान पर मिट्टी के पारंपरिक दीयों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि मिट्टी का एक छोटा-सा दीया न केवल हमारे घरों को रोशन करता है, बल्कि किसी स्थानीय कारीगर के परिवार में भी खुशियों की रोशनी लेकर आता है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी केवल एक विचार नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने का संकल्प है। जब हम स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित उत्पाद खरीदते हैं, तब हम उनके हुनर, मेहनत और आत्मसम्मान को प्रोत्साहित करते हैं। दीपावली जैसे पावन त्योहार पर स्वदेशी उत्पादों को अपनाना हमारी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर अमर पारवानी, परमानंद जैन, सुरिन्द्रर सिंह, जीवत बजाज, अवनीत सिंह, भरत जैन, कैलाश खेमान, जय नानवानी, हीरा माखीजा, विक्रांत राठौर, हिमांशु वर्मा, संदीप गुप्ता, गुरमीत सिंह एवं ठाकुर लुल्ला समेत कैट, युवा कैट, महिला कैट एवं ट्रांसपोर्ट कैट के अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

