मिसाल न्यूज़
रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने नगर निगम के अधिकारियों से कहा है कि दीपावली के अवसर पर मिट्टी के दीये एवं अन्य सामग्री बेचने आने वाले कुम्हारों को पसरा लगाने के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने की व्यवस्था बनाएं। साथ ही उन्होंने नागरिकों से भी अपील की है कि वे स्थानीय कुम्हारों से मिट्टी के दीये खरीदें, ताकि उनकी आजीविका को प्रोत्साहन मिल सके।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि दीपावली के अवसर पर रायपुर जिले के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में कुम्हार परिवार अपने हाथों से तैयार मिट्टी के दीपक एवं अन्य पारंपरिक सामग्री लेकर शहर पहुंचते हैं। इन परिवारों के लिए दीपावली आजीविका का महत्वपूर्ण अवसर होता है। ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि उन्हें अपनी सामग्री बेचने के लिए सुविधाजनक स्थान मिले और किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से कहा कि शहर के विभिन्न स्थानों पर कुम्हारों के पसरा लगाने की समुचित व्यवस्था बनाई जाए, ताकि वे आसानी से अपनी सामग्री का विक्रय कर सकें। कलेक्टर ने कहा कि मिट्टी के दीये हमारी सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा हैं। स्थानीय कुम्हारों से दीये खरीदने से उनकी कला को संरक्षण मिलने के साथ ही उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि इस दीपावली स्थानीय कुम्हारों से मिट्टी के दीये खरीदकर उनकी मेहनत को सम्मान दें और उनके परिवारों की खुशियों में सहभागी बनें।

