समझ पाना मुश्किल मुख्यमंत्री 1 या 5, सरकार नागपुर से चल रही या दिल्ली से- दीपक बैज

मिसाल न्यूज़

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आदिवासी होकर भी आदिवासी हितों की बात नहीं कर रहे। हसदेव में कट रहे जंगल इस बात का प्रमाण हैं। कटाई से सबसे ज्यादा प्रभावित आदिवासी वर्ग ही हो रहा है। यह समझ पाना मुश्किल है कि सरकार को 1 मुख्यमंत्री चला रहे हैं या 5 मुख्यमंत्री! सरकार नागपुर से चल रही है या दिल्ली से!

राजीव भवन में आज पत्रकार वार्ता में दीपक बैज ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद सांठगांठ से हसदेव में जंगल कटाई का काम लगातार जारी है। जनभावनाओं के अनुरूप पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने हसदेव में कटाई पर रोक लगाई थी तथा इस संबंध में आबंटित खदान को निरस्त करने केंद्र सरकार को पत्र भी लिखा था। हसदेव में जंगल कटाई का विरोध कर रहे ग्रामीणों, आदिवासियों पर सरकार के इशारे पर हमला किया गया। लाठीचार्ज किया गया। इस पूरे प्रकरण में बड़ी संख्या में आदिवासी और स्थानीय ग्रामीण घायल हुए हैं। कांग्रेस इस हमले की कड़ी निंदा करती है। मुख्यमंत्री कहते हैं हसदेव में कटाई नहीं हो रही। फिर वे कौन लोग हैं जो जंगल काट रहे हैं। जनभावनाओं के खिलाफ जाकर किसको फायदा पहुंचाने सरकार कटाई करवा रही है? पुलिस जंगल काटने वालों को संरक्षण क्यों दे रही है? हसदेव जंगल कटाई मामले में सरकार श्वेत पत्र जारी करे। आदिवासियों पर, ग्रामीणों पर हमला करने वाले तथा लाठीचार्ज करने वालो पर कड़ी कार्यवाही की जाये।

बैज ने कहा कि मध्यप्रदेश की पुलिस ने लोहारीडीह के शिवप्रसाद उर्फ कचरू साहू की हत्या के मामले में चार लोगों की गिरफ्तार किया है। मध्यप्रदेश पुलिस ने माना कि कचरू साहू की हत्या हुई थी। इस मामले में मध्यप्रदेश की पुलिस की कार्यवाही से साफ हो गया कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने लापरवाही बरती थी। हत्या को आत्महत्या बताने का षड़यंत्र रचा गया। परिणामस्परूप लोहारीडीह में जन आक्रोश भड़का और रघुनाथ साहू को उसके घर में जिंदा जलाकर मार डाला गया। रघुनाथ साहू की हत्या के बाद पुलिस कस्टडी में मारपीट से प्रशांत साहू की मौत हो गई। इस प्रकार छत्तीसगढ़ पुलिस की लापरवाही से लोहारीडीह में तीन लोगों की जान गई। लोहारीडीह में हुई मॉब लीचिंग की घटना के लिये गृहमंत्री एवं पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी जिम्मेदार हैं। 

बैज ने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश में कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार का काला खेल तेजी से बढ़ा है। भानुप्रतापपुर के मंडल अध्यक्ष बेरोजगार आकाश सोलंकी अपनी कार में लाखों रुपए की नोट की गड्डी रखकर रील बनाते हैं। यह सरकार के भ्रष्टाचार का नमूना है। आखिर बेरोजगार युवक के पास इतना पैसा कहां से आया?

पत्रकार वार्ता में पूर्व अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, वरिष्ठ नेता राजेंद्र तिवारी, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, महापौर एजाज ढेबर, नगर निगम सभापति प्रमोद दुबे, कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता, वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, नितिन भंसाली, प्रवक्ता वंदना राजपूत, सत्यप्रकाश सिंह, अजय गंगवानी, तुकाराम चंद्रवंशी, केशव चंद्राकर, शारिक रईस खान एवं ऋषभ चंद्राकर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *