मिसाल न्यूज़
रायपुर। रायपुर नगर निगम में अधिकारी कर्मचारी एकता संघ के अस्तित्व में आने के बाद संघ का प्रतिनिधि मंडल आज पहली बार महापौर एजाज ढेबर, सभापति प्रमोद दुबे, नेता प्रतिपक्ष श्रीमती मीनल चौबे एवं निगम कमिश्नर अबिनाश मिश्रा से मिला और उन्हें 7 मांगों वाला मांग पत्र सौंपा। सबसे प्रमुख मांग यह रही कि कार्य स्थल पर किसी भी अधिकारी एवं कर्मचारी द्वारा अपने अधिनस्थ साथी के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता एवं गाली गलौच न की जाए। महिला कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार की दुर्व्यवहार न हो। समय-समय पर कर्मचारियों को वेतन रोकने की धमकी पर तत्काल रोक लगाई जावे।
रायपुर नगर निगम अधिकारी कर्मचारी एकता संघ के अध्यक्ष प्रमोद जाधव एवं महामंत्री आशुतोष सिंह तथा राधेश्याम एक्का के नेतृत्व में अन्य पदाधिकारियों ने आज महापौर, सभापति, नेता प्रतिपक्ष एवं निगम कमिश्नर को मांग पत्र सौंपा।
मांग पत्र में शामिल अन्य प्रमुख बिन्दू इस प्रकार हैं- 0 2004 के बाद नियुक्त समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को पुरानी पेंशन (Old Pention) लागू किया जावे। 0 बीमार अधिकारी एवं कर्मचारियों के त्वरित इलाज हेतु कैशलेस कार्ड की सुविधा प्रदान करते हुए 15 लाख के स्थान पर 25 लाख की सुविधा प्रदान की जावे। 0 पात्र अधिकारी एवं कर्मचारियों को समय-समय पर पदोन्नति एवं समयमान वेतनमान का लाभ दिया जावे। साथ ही समय-समय पर अपने उच्चतर शिक्षा ग्रहण एवं अन्य परीक्षा इत्यादि में शामिल होने वाले कर्मचारियों के आवेदन पर शीघ्र विचार कर नियमानुसार अनुमति व अनापत्ति प्रदान किया जावे। 0 मृत अधिकारी एवं कर्मचारियों के पात्र आश्रितों को शीघ्र ही अनुकम्पा नियुक्ति दी जावे। 0 नगर निगम रायपुर में ठेका पद्धति समाप्त किया जाकर प्लेसमेंट कर्मचारियों को सीधे निकाय के माध्यम से वेतन भुगतान किया जावे। 0 ठेका में कार्यरत कर्मचारियों को श्रम सम्मान राशि का भुगतान किया जाये।