भूपेश के ठिकानों पर ईडी के छापे… विधानसभा में विपक्ष का जमकर हंगामा… गर्भ गृह में पहुंचकर हुए स्वमेव निलंबित… दिन भर की कार्यवाही में नहीं लिया हिस्सा…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ठिकानों पर ईडी (प्रवर्तन निदेशलाय) के छापे के विरोध में कांग्रेस पार्षदों ने आज विधानसभा में जमकर हंगामा किया। हंगामे के बीच प्रश्नकाल चला। भारी-शोर शराबे के कारण विधानसभा अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी। कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा की आज दिन भर की कार्यवाही का बहिष्कार किया।

प्रश्नकाल शुरु होते ही विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल का नाम प्रश्न पूछने के लिए पूकारा। बघेल ने सवाल नहीं पूछा और विपक्ष की ओर से हंगामा शुरु हो गया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि शून्यकाल में आपके पास अपनी बात रखने के लिए पर्याप्त समय होगा। प्रश्नकाल को बाधित न करें। कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने कहा कि पूर्व में हमारे विधायक कवासी लखमा भ्रष्टाचार को लेकर यहां पर सवाल उठाए थे तो उनके यहां ईडी पहुंच गई थी। अब प्रधानमंत्री आवास के मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री सवाल उठाए तो उनके यहां ईडी पहुंच गई है। इसके साथ ही सारे कांग्रेस विधायक ईडी और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कुछ कहने की कोशिश की तो शोर शराबा और तेज हो गया। इसके साथ ही सत्ता पक्ष की तरफ से भी जवाबी नारे लगने लगे। भाजपा विधायक धर्मजीत सिंह ने भी कुछ कहने की कोशिश की लेकिन उनकी भी आवाज दब गई। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह प्रश्नकाल है। जो विषय उठाना चाह रहे हैं वह इस सदन का विषय नहीं है। शून्यकाल में अपनी बात रखें। प्रश्नकाल के बाद आप लोगों को अपनी बात रखने का पूरा समय दूंगा। करोड़ों रुपये खर्च होता है, यही सब चला तो प्रश्नकाल का क्या महत्व रह जाएगा। अध्यक्ष की इस समझाइश के बाद भी कांग्रेस विधायकगण शांत नहीं हुए और नारेबाजी करते हुए गर्भ गृह में जा पहुंचे। अध्यक्ष ने कहा कि गर्भ गृह में आने के कारण विधानसभा के नियम प्रक्रिया के तहत कांग्रेस विधायकगण स्वमेव निलबित हो गए हैं। वे बाहर चले जाएं। कांग्रेस विधायकगण बाहर जाने के बजाय गर्भ गृह में ही बैठ गए और नारेबाजी करते रहे। भारी शोर शराबे के बीच भाजपा विधायक राजेश मूणत ने नये मास्टर प्लान से संबंधित सवाल पूछे जिनके जवाब आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने दिए। विपक्षी विधायकों की नारेबाजी नहीं थमते देख अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी। सदन की कार्यवाही दोबारा शुरु होने पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस आदिवासी विरोध है। जब विधायक कवासी लखमा के यहां ईडी पहुंची थी तब ये सारे चूप बैठे थे। आज ईडी भूपेश बघेल के यहां पहुंच गई तो हंगामा कर रहे हैं। भाजपा विधायक धर्मजीत सिंह ने कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिन्ह लगाते हुए कहा कि कहा कि इन लोगों ने प्रश्नकाल में अवरोध पैदा किया। इनकी तरफ से के.टी. तुलसी यहां से राज्यसभा सदस्य चुने गए थे तो अपना सर्टिफेकिट तक लेने नहीं आए थे। शिव कुमार डहरिया ने उनका सर्टिफिकेट लिया था। प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद अध्यक्ष ने कांग्रेस विधायकों का निलंबन समाप्त कर दिया लेकिन वे आज दिन भर सदन में नहीं लौटे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *