सुशासन तिहार- 2025 प्रारंभ… महापौर, सभापति, कलेक्टर, एसएसपी एवं निगम कमिश्नर ने किया अवलोकन…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। 8 अप्रैल से 31 मई तक चलने वाला सुशासन तिहार आज से प्रारंभ हुआ। प्रथम चरण में आज सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नगर निगम के  सभी 10 जोनों में आने वाले 70 वार्डों के नागरिकों के आवेदन प्राप्त करने का कार्य शुरु हुआ। महापौर श्रीमती मीनल चौबे समेत सभापति सूर्यकांत राठौड़, एमआईसी सदस्यों तथा पार्षदों ने विभिन्न स्थलों पर आवेदन लेने की प्रशासनिक व्यवस्था का अवलोकन किया। 11 अप्रैल तक सुबह 10 बजे से संध्या 5 बजे तक आमजनों से समस्याओं एवं शिकायतों के संबंध में आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था जारी रहेगी।

कलेक्टर डाॅ. गौरव कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ. लाल उमेंद सिंह एवं नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप ने विभिन्न वार्डों में पहुंचकर सुशासन तिहार 2025 की आज से आमजनों से आवेदन लेने की प्रारंभ हुई कार्यवाही का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। कलेक्टर ने आमजनों से उनकी समस्याओं को लेकर चर्चा की एवं जानकारी ली। सभी समस्याओं का तय समय सीमा में निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता से सुनिश्चित करने के आवश्यक निर्देश दिये। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन के भूतल पर लगाये गये सुशासन तिहार 2025 के स्थल की व्यवस्था का अवलोकन किया। शिविर में पहुंचे लोगों से चर्चा कर जनसमस्याओं की जानकारी ली एवं उन्हें व्यवस्थित रूप से प्राप्त कर तय समय सीमा में सभी जनसमस्याओं का शत – प्रतिशत संख्या में आवेदनों का त्वरित समाधान करना सुनिश्चित करने के निर्देश नगर निगम के संबंधित अधिकारियों को दिये।

सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने जोन 2 के सभी 7 वार्डों के शिविरों का अवलोकन करते हुए निर्देशित किया कि जनसमस्याएं बताने आ रही आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए, इसका विषेष ध्यान रखा जाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *