नगर निगम के जोन 9 के 7 वार्डों के लिए लगा समाधान शिविर… 1500 आवेदनों का हुआ निराकरण…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। सुशासन तिहार 2025 के अंतर्गत नगर निगम के जोन क्रमांक 9 के 7 वार्डों के लिए पाम ब्लाजियो के सामने (शंकर नगर) नवनिर्मित गारमेन्ट फैक्ट्री में सुशासन तिहार समधान शिविर लगाया गया। कार्यक्रम में विधायक व्दय मोतीलाल साहू व अनुज शर्मा, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़, कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप एवं निगम जोन 9 अध्यक्ष गोपेश साहू की विशेष उपस्थिति रही।

सुशासन तिहार के प्रथम चरण में 8 से 11 अप्रैल तक जोन क्रमांक 9 के 7 वार्डों में लगे शिविर में आम जनता से प्राप्त सभी 1508 आवेदनों के त्वरित समाधान के संबंध में विभागवार एवं कार्यवार मंच से जानकारी निगम अपर कमिश्नर विनोद पाण्डेय द्वारा दी गई। 1207 आवेदन नगर निगम से संबंधित एवं 391 आवेदन विभिन्न शासकीय विभागों से संबंधित मिले थे । प्रधानमंत्री आवास योजना के 245, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के 54, नगर निवेश विभाग के 16, जल विभाग के 753, लोक कर्म विभाग के 266, स्वास्थ्य विभाग और विद्युत विभाग के 85-85 आवेदन प्राप्त हुए थे। मांग पर 15 नई लाईटें लगाई गईं।  4 स्थानों पर हाई मास्ट लाईट लगाने 17 लाख 40 हजार रू. का विभागीय प्रस्ताव राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय को स्वीकृति हेतु भेजा गया। 177 नये नल कनेक्शन लगाने आवेदन मिले, जिसमें 2 आवेदकों के घर तत्काल नये नल कनेक्शन लगाये गये। शेष 175 आवेदन जोन 9 क्षेत्र के पार्टी की विभिन्न निजी कालोनियों के रहवासियों के मिले, किंतु पेयजल के वर्तमान में लो प्रेशर की क्षेत्र में समस्या के चलते अभी संबंधित आवेदकों के घर नये नल कनेक्शन लगा पाना व्यवहारिक रूप से संभव नहीं है। इसकी जानकारी संबंधित 175 आवेदको को निगम जोन 9 ने दे दी है। प्रधानमंत्री आवास योजना में बीएलसी घटक में 9 आवेदक पात्र पाये गये एवं उन्हें डीपीआर में शामिल किया गया। शासन से निर्देश प्राप्त होने पर पात्र आवेदकों को लाम प्रदत्त किया जायेगा। वहीं 215 आवेदक निजी भूमि न होने के कारण अपात्र पाये गये और उन्हें लिखित जानकारी जोन द्वारा दी गई। 4 आवेदनों पर नगर निवेश विभाग ने संबंधितों को अवैध निर्माण हटाने नोटिस जारी की है। 266 आवेदकों ने नये निर्माण करवाने मांग रखी, जिसमें 4 आवेदकों की मांग अनुसार नये चेम्बर निगम जोन 9 के स्तर पर तत्काल बनवा दिए गए हैं। वहीं शेष 262 आवेदकों के नये निर्माण की मांग पर प्रस्ताव बनाकर राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय को स्वीकृति हेतु नगर निगम द्वारा भेजा गया है।

अतिथियों ने आवेदन करते ही तत्काल परिवहन विभाग द्वारा बनाये गये लर्निंग लाईसेंस शुभम टंडन एवं कार्तिक वर्मा को प्रदत्त किये। इसी प्रकार आवेदन करते ही तत्काल राशन कार्ड, आयुष्मान कार्य, श्रम पंजीयन प्रमाण पत्र पात्र नागरिकों को प्रदत्त किये गये। सभी अतिथियों ने महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में जाकर नवजात शिशुओं का अन्नप्रासन्न कराया।

विधायक मोतीलाल साहू ने कहा कि सुशासन तिहार साय की सरकार की अत्यंत अनुकरणीय पहल है। साय सरकार मात्र 15 माह के कार्यकाल में ही यह चौथी बार आम जनता के बीच पहुंचकर आमजनों से उनकी समस्याएं पूछकर समस्याओं का निदान करवाकर निदान की जानकारी आम जनता को दे रही है। आम जनता को विष्णु के सुशासन का लाभ राज्य सरकार उपलब्ध करवा रही है।

विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि मात्र एक साल के कार्यकाल को पूर्ण करने के बाद सरकार ने अपना रिपोर्ट कार्ड आम जनता के समक्ष रखा और अब आम जनता से उसके बीच पहुंचकर समस्याएं जानकर, उनका निदान करके, निदान की जानकारी आम जनों को दी जा रही है।

महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि सुशासन तिहार अंतर्गत आम जनता के सभी आवेदनों का शत प्रतिशत समाधान विभागीय अधिकारियों को करना ही होगा। नगर निगम के सभी जोन कार्यालयों में आम जनता के आवश्यक कार्य जैसे राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड, आधार कार्ड आदि कार्य त्वरित किये जाने की प्रशासनिक व्यवस्था दी जाये, ताकि आम जनता को इधर उधर भटकना ना पड़े। महापौर ने कहा कि बारिश में जलभराव की समस्या ना आने पाये, इसका जोन अधिकारी ध्यान रखें और अच्छी तरह सफाई करवायें। बारिश में जल भराव की समस्या आने पर संबंधित क्षेत्र के जोन अधिकारी इसके लिए जवाबदेह रहेंगे। जवाबदेही तय कर संबंधित जोन अधिकारियों पर कार्यवाही की जायेगी। विष्णु देव साय सरकार ऐसी पहली सरकार है, जो सुशासन तिहार में पहले आम जनता से उनकी मांगों और शिकायतों के आवेदन शिविर लगाकर लेती है, फिर आवेदनों का समाधान करवाती है और आवेदकों को बुलाकर समाधान की जानकारी देती है।

सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने सुशासन तिहार समाधान शिविर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अभिनव पहल बताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले चरण में आम जनता से स्वयं मांगों व शिकायतों के आवेदन प्राप्त किये। दूसरे चरण में रात दिन एक कर अधिकारियों ने सुशासन तिहार आवेदनों का त्वरित गुणवत्तापूर्ण समाधान किया। तीसरे चरण में समाधान शिविर लगाकर आवेदकों को बुलाकर समाधान की जानकारी दी गई। यह अभिनव जनहितकारी कार्य राज्य की विष्णुदेव साय सरकार ने की है जिसकी सराहना की जानी चाहिए। सभापति ने रायपुर जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह एवं निगम कमिश्नर विश्वदीप, एसडीएम नंद कुमार चौबे एवं उनकी अधिकारियों-कर्मचारियों की पूरी टीम की दिन रात मेहनत कर आवेदनों के समाधान करने हेतु मंच से सराहना की।

कार्यक्र में रायपुर ग्रामीण विधायक प्रतिनिधि मैकमिलन साहू, एसडीएम नंद कुमार चौबे, एमआईसी सदस्य खेम कुमार सेन, पार्षद श्रीमती सावित्री धीवर, श्रीमती प्रभा विश्वकर्मा, श्रीमती रेणु जयंत साहू एवं देवदत्त द्विवेदी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन एवं अंत में आभार प्रदर्शन निगम अपर कमिश्नर विनोद पाण्डेय ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *