मिसाल न्यूज़
रायपुर। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने हरियाणा राज्य के पंचकूला में अखिल भारतीय महापौर परिषद सम्मेलन में रायपुर शहर का प्रतिनिधित्व किया। सम्मेलन में प्रस्ताव लाया गया कि देश की सभी नगर निगमों के महापौरों में एकरूपता लाते हुए उनका कार्यकाल 5 वर्ष किया जाए। इस पर वहां मौजूद सभी 45 महापौरों ने सहमति जताई।
हरियाणा के मुख्यमंत्री व रायपुर महापौर
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने सम्मेलन में रायपुर शहर को स्वच्छ, सुन्दर, विकसित राजधानी स्मार्ट सिटी बनाने के कार्यों पर चर्चा करते हुए यहां की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी अन्य महापौरों और सम्मेलन के मुख्य अतिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को दी। महापौर ने नायब सिंह सैनी से सौजन्य भेंट भी की। सम्मेलन दो दिन चला। इसमें देश के 45 शहरों के महापौरों ने दो दिन तक विचार मंथन किया। इस बात पर गहन चर्चा हुई कि शहर के विकास के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों का कैसे समुचित उपयोग हो। महापौरों के अधिकार और शक्तियाँ बढ़ाने की ज़रूरत पर भी बातचीत हुई। देश भर के शहरों में 74वें संविधान संशोधन का पूर्ण परिपालन किये जाने का विषय उठा।