मल्लिकार्जुन की सभा उनके लिए होगी जो भाजपा सरकार से ठगा महसूस कर रहे- सचिन पायलट

मिसाल न्यूज़

रायपुर। कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि छत्तीसगढ़ में डेढ़ साल की भाजपा सरकार से आम जनता को निराशा ही मिली है। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे  7 जुलाई को राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में ‘‘किसान, जवान, संविधान’’ सभा को संबोधित करेंगे। यह सभा उन लोगों के लिए होगी जो भाजपा सरकार से ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

राजीव भवन में आज पत्रकार वार्ता में सचिन पायलट ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस की सक्रियता तथा विभिन्न मुद्दों पर किये जा रहे आंदोलनों की सराहना करते हुए कहा कि कांग्रेस हर वर्ग की पीड़ा को लेकर लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत लगातार सदन के बाहर, भीतर जनता की आवाज उठा रहे हैं। सरकार को आईना दिखा रहे हैं। डेढ़ साल पहले भाजपा जिन आश्वासनों के साथ सत्ता में आई थी वो पूरे होते नहीं दिख रहे हैं।  पिछले विधानसभा चुनाव में हम  थोड़ा सा चूक गए। थोड़े वोटों के अंतर से ही भाजपा सरकार बना पाई, लेकिन सरकार के डेढ़ साल के कार्यकाल ने आम जनता को बेहद निराश किया है। मुख्यमंत्री कोई बेहतर रिजल्ट नहीं दे पा रहे हैं। बीच-बीच में प्रधानमंत्री व केन्द्रीय गृह मंत्री जरूर उनकी पीठ थपथपाने यहां आ जाते हैं। छत्तीसगढ़ के जल, जंगल एवं जमीन को चंद लोग हथियाने में लगे हुए हैं। दिखाने वाले लाख कोशिश कर लें कि हममें मतभेद है, हम किसी भी तरह की गंभीर चुनौतियों से निपट सकने में सक्षम हैं।

पायलट ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही। साय सरकार ने डेढ़ साल में राज्य में चल रही 17 से अधिक जनकल्याणकारी योजनाएं बंद करने के बाद भी 37 हजार करोड़ से अधिक का कर्जा लिया है। कानून व्यवस्था की हालत बदतर है। हत्या, बलात्कार, लूट एवं डकैती की घटनाएं बढ़ गई हैं। पुलिस अभिरक्षा में मौतें हो रही हैं। किसानों से किया गया वादा सरकार पूरा नहीं कर रही है। नक्सली घटनाएं बढ़ गई हैं। सरकार ने डेढ़ साल में कोई घोषित नक्सल नीति नहीं बनाई। रोज नक्सली हत्यायें कर रहे हैं और सरकार बयान देने तक सीमित है। रेत के दाम तीन गुना बढ़ गये। भाजपाई सत्ताधीशों और रेत माफियाओं के बीच सांठगांठ हो गई है। रेत के कारोबार में रोज खून बहाया जा रहा है।

पायलट ने कहा कि मानसून की दस्तक शुरु हो गयी है। खरीफ की बुवाई, खाद और बीज की कमी के कारण प्रभावित हो रही है। भाजपा की डबल इंजन सरकार छत्तीसगढ़ के अन्नदाता किसानों की समस्याओं का कोई ख्याल नहीं रख पा रही है। पायलट ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद छत्तीसगढ़ अवैध शराब का केंद्र बन चुका है। पान ठेलों, किराना दुकानों में शराब बिक रही है। पायलट ने कहा कि युक्तियुक्तकरण के नाम पर राज्य में 10 हजार 463 स्कूलों को बंद किया जा रहा है। युक्तियुक्तकरण रोजगार विरोधी एवं शिक्षा विरोधी कदम है। छत्तीसगढ़ की भारतीय जनता पार्टी की सरकार शिक्षा विभाग में युक्तियुक्तकरण का नया खेल खेल रही है। इस युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया से प्रदेश में 45000 से अधिक शिक्षकों के पद समाप्त हो जायेंगे। 10463 स्कूल सीधे तौर पर बंद कर दिये गये हैं।

पायलट ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय प्रदेश सप्लस बिजली उत्पादन वाला राज्य था। राज्य में 23 घंटे बिजली आपूर्ति होती थी। बिजली बिल हाफ की सुविधा मिलती थी। भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती हो रही है, बिजली के दरों में 17 महीनें में कई बार बढ़ोतरी कर दी गयी है। भाजपा सरकार अपनी विफलता छुपाने कांग्रेस के नेताओं को प्रताड़ित कर रही, हम इसका डटकर मुकाबला करेंगे।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, पूर्व अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, मोहन मरकाम, प्रभारी सचिव जरिता लैतफलांग, विजय जांगिड़, राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, अमरजीत भगत, उमेश पटेल, जयसिंह अग्रवाल, कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, विधायक देवेन्द्र यादव, विधायक अटल श्रीवास्तव, विकास उपाध्याय, गिरीश देवांगन एवं आकाश शर्मा उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *