विसर्जन झांकी देखने पहुंचे मुख्यमंत्री साय… महापौर एवं सभापति ने किया स्वागत…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 8 सितंबर की देर रात राजधानी रायपुर के हृदयस्थल जयस्तंभ चौक स्थित नगर निगम द्वारा निर्मित स्वागत मंच पर पहुंचे और ऐतिहासिक गणेश विसर्जन यात्रा में शामिल होकर झांकियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि रायपुर की गणेश विसर्जन झांकी अत्यंत ऐतिहासिक परंपरा का प्रतीक है। इस अवसर पर उन्होंने विघ्नहर्ता श्री गणेश से छत्तीसगढ़ की खुशहाली और समृद्धि की कामना भी की। मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक विसर्जन यात्रा में आमंत्रित करने के लिए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब, विधायक व्दय मोतीलाल साहू एवं पुरंदर मिश्रा, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर  सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जन प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि विगत दिवस राजधानी रायपुर में रात 8 बजे से ही गणेश झांकी यात्रा प्रारंभ हो गई थी। इस बार भी निर्धारित रूट पर शारदा चौक से झांकियों को टोकन प्रदान किया गया। झांकियां तेलघानी नाका, राठौर चौक और तात्यापारा से होकर शारदा चौक में एकत्रित हुईं, तत्पश्चात एक-एक कर आगे बढ़ीं। ये सभी झांकियां जयस्तंभ चौक से होते हुए मालवीय रोड, सदर बाजार, कंकालीपारा, पुरानी बस्ती, लाखेनगर, अश्वनी नगर, सुंदर नगर और रायपुरा मार्ग से होकर महादेव घाट तक पहुंचीं। इस वर्ष भी झांकियों को विभिन्न विषयों पर आकर्षक रूप से सजाया गया। इनमें विविध पौराणिक प्रसंगों के साथ-साथ ऑपरेशन सिंदूर और राफेल विमान की झलक भी देखने को मिली। रायपुर की सड़कों पर झांकी के रूप में राफेल विमान का दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। एक झांकी में बप्पा छत्तीसगढ़ी पारंपरिक परिधान में विराजमान दिखाई दिए। इन झांकियों को देखने के लिए न केवल रायपुर शहरवासी बल्कि आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में राजधानी पहुंचे।

विसर्जन झांकी देखने पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का स्वागत महापौर श्रीमती मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौर एवं नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप समेत नगर निगम एमआईसी सदस्यगण महेन्द्र खोडियार, अमर गिदवानी, अवतार भारती बागल, दीपक जायसवाल, संतोष सीमा साहू, नंदकिशोर साहू, भोलाराम साहू, डॉ. अनामिका सिंह, श्रीमती गायत्री सुनील चंद्राकर, श्रीमती सुमन अशोक पाण्डेय, नगर निगम जोन 4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, जोन 6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, पार्षद अजय साहू एवं कृष्णा सोनकर ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *