14 लाख से अधिक टैक्स बकाया, नगर निगम ने किया सील…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में अमरपाल सिंह की अचल संपत्ति पर पिछले करीब आठ वर्षों का 14 लाख से अधिक टैक्स बकाया था, जिसे नगर निगम ने आज सील कर दिया।

नगर निगम सूत्रों के मुताबिक दीनदयाल वार्ड में स्थित इस अचल संपत्ति का वर्ष 2016 -17 से लेकर वर्ष 2025 -26 तक का 14 लाख 37 हजार 836 रूपये बकाया टैक्स नहीं पटाया गया था। संपत्ति के मालिक को लगातार डिमांड बिल भेजा जाता रहा, जिसकी उसने परवाह नहीं की। निगम की ओर से जो अंतिम नोटिस भेजी गई उसको भी नजरअंदाज किया। नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप के यह संज्ञान में आया। निगम कमिश्नर के आदेशानुसार निगम अपर कमिश्नर (राजस्व) यू. एस. अग्रवाल एवं डिप्टी कमिश्नर (राजस्व) डॉ. अंजलि शर्मा ने निगम के जोन 5 दफ्तर को इस बकायादार के खिलाफ कार्यवाही करने को कहा। जोन 5 कमिश्नर खीरसागर नायक के निर्देश पर उनके जोन की राजस्व विभाग की टीम आज शाम संबंधित स्थल पर पहुंची और संबंधित परिसर को सीलबंद कर दिया।

सीलबंद अभियान के दौरान नगर निगम जोन 5 के सहायक राजस्व अधिकारी प्रमोद जाधव, राजस्व निरीक्षक राजेश मुले, मनीष भोई , सहायक राजस्व निरीक्षक अमर सागर ,रत्नदीप करवाड़े , मयंक यादव , विपिन सोनी,महावीर घनश्याम एवं देवेंद्र नेताम मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *